कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश की खूबसूरत वादियां हर साल देश-विदेश से आने वाले लाखों पर्यटकों को अपनी ओर खींचती हैं। यहां पहुंचकर पर्यटक पहाड़ों की खूबसूरती और शांत माहौल का आनंद लेते हैं। लेकिन कुछ लोग मौज-मस्ती और रोमांच के चक्कर में ऐसी हरकतें कर बैठते हैं, जो उनकी जान के साथ-साथ सड़क पर चल रहे दूसरे लोगों के लिए भी खतरा बन सकती हैं।

ऐसा ही एक मामला जिला कांगड़ा के समेला में पुरानी टनल के पास सामने आया है, जहां कुछ पर्यटक चलती गाड़ी की दोनों तरफ की खिड़कियों से बाहर निकलकर सफर करते नजर आए। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने तुरंत संज्ञान लिया और संबंधित वाहन का ऑनलाइन चालान कर दिया।
खिड़कियों से बाहर निकलकर सफर करते दिखे पर्यटक
जानकारी के अनुसार, बाहरी राज्य से आए कुछ पर्यटक चलती गाड़ी की खिड़कियों से आधे शरीर को बाहर निकालकर सफर कर रहे थे। इस दौरान वे सड़क पर गुजर रहे अन्य वाहनों की भी परवाह करते नजर नहीं आए। इस तरह चलती गाड़ी से बाहर निकलकर सफर करना बेहद खतरनाक हो सकता है और इससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
खबर सामने आने के बाद पुलिस ने लिया संज्ञान
कांगड़ा पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और संबंधित वाहन की पहचान कर उसका ऑनलाइन 2500 का चालान कर दिया। कांगड़ा थाना प्रभारी आदर्श बरयाल ने पुलिस की इस कार्रवाई की पुष्टि की है।
कुछ पल के रोमांच के लिए जान जोखिम में डालना ठीक नहीं
पुलिस की कार्रवाई से साफ है कि सड़क सुरक्षा से जुड़े मामलों को हल्के में नहीं लिया जाएगा। चलती गाड़ी से बाहर निकलकर फोटो खिंचवाना या रोमांच के लिए इस तरह सफर करना कभी भी भारी पड़ सकता है।
थोड़ी सी लापरवाही से गाड़ी का संतुलन बिगड़ सकता है और गंभीर हादसा हो सकता है। ऐसे में पर्यटकों के साथ-साथ वाहन चालकों को भी सड़क सुरक्षा नियमों का ध्यान रखना चाहिए और अपनी जान को खतरे में डालने वाले किसी भी तरह के स्टंट से बचना चाहिए।


