बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। घुमारवीं में जिम में कसरत करते समय करीब 50 वर्षीय अध्यापक की अचानक मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

सुबह जिम में अचानक बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार, व्यक्ति रोजाना की तरह बुधवार सुबह घुमारवीं शहर के एक निजी जिम में कसरत करने पहुंचा था। कसरत करते समय अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई और वह वहीं गिर पड़ा।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
जिम में मौजूद लोगों ने बिना देरी किए व्यक्ति को घुमारवीं अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अचानक हुई इस घटना से जिम में मौजूद लोगों को भी काफी सदमा लगा। बताया जा रहा है कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिसके बाद उनकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान
मृतक की पहचान विशाल कौंडल पुत्र जोगिंदर कौंडल के रूप में हुई है। वह गांव जोलपलाखी, कुठेड़ा, तहसील घुमारवीं, जिला बिलासपुर के रहने वाले थे। उनके अचानक चले जाने से परिवार और पूरे क्षेत्र में दुख की लहर है।
परिवार और परिचितों में छाया मातम
विशाल कौंडल के निधन की खबर मिलते ही उनके परिवार और रिश्तेदारों में शोक छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनके सहकर्मियों और परिचितों ने भी इस दुखद घटना पर गहरा दुख जताया है। विशाल कौंडल घुमारवीं शहर के एक निजी शिक्षण संस्थान में अध्यापक के तौर पर काम करते थे। उनके अचानक निधन की खबर से स्कूल के स्टाफ, विद्यार्थियों और उनके जान-पहचान के लोगों को गहरा सदमा लगा है। शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने भी उनके निधन पर दुख जताया है।
शिक्षक के निधन पर शिक्षण संस्थान में छुट्टी
विशाल कौंडल के अचानक निधन के बाद उनके निजी शिक्षण संस्थान में भी शोक का माहौल रहा। संस्थान प्रबंधन ने उनके सम्मान में छुट्टी घोषित कर दी। उनके असमय निधन से विद्यार्थियों और स्कूल स्टाफ को भी गहरा दुख पहुंचा है।


