अगर आप भी नई कार खरीदने का प्लान कर रहे हैं, तो अब आपको इसके लिए ज्यादा पैसे देने होंगे. भारतीय ऑटो सेक्टर में एक बार फिर से कार कंपनियों ने कीमतों में इजाफा करने का फैसला किया है.हुंडई मोटर इंडिया और मारुति सुजुकी और लग्जरी कार कंपनी ऑडी इंडिया ने भी अपनी गाड़ियों के दाम बढ़ाने का ऐलान कर दिया है. Hyundai 1 दिसंबर 2026 से अपनी चुनिंदा कारों और वेरिएंट की कीमतों में 8,000 रुपये तक की बढ़ोत्तरी करेगी. वहीं Maruti Suzuki भी इस साल कई बार दाम बढ़ा चुकी है और नवंबर में भी कुछ मॉडल्स की कीमतें ऊपर गई हैं.

दूसरी ओर ऑडी इंडिया ने साफ किया है कि 1 जनवरी 2027 से उसकी पूरी मॉडल रेंज 2 फीसदी तक महंगी हो जाएगी. ऐसे में लोगों के मन में यह सवाल आ रहा है कि आखिर कार कंपनियां बारबार कीमत में बढ़ोत्तरी क्यों कर रही हैं, क्या है इसके पीछे का कारण? आइए जानते हैं विस्तार से….

कार बनाने वाली कंपनियों का कहना है कि गाड़ियां बनाने में इस्तेमाल होने वाले सामान और दूसरी जरूरी चीजों की लागत में बढ़ोत्तरी हो रही है. इस कारण कार की कीमत भी बढ़ रही है. ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर कार बनाने का खर्च इतना तेजी से क्यों बढ़ रहा है कि कंपनियों को कीत ही बढ़ानी पड़ रही है. इसके पीछे सिर्फ महंगाई नहीं बल्कि कई दूसरे कारण भी शामिल है. जैसे

1. स्टील और एल्युमीनियम की बढ़ती कीमतें

कार बनाने में स्टील, एल्युमीनियम, तांबा और रबर जैसे कच्चे माल का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल होता है. गाड़ी की बॉडी से लेकर इंजन और टायर तक में इनकी इस्तेमाल किया जाता है. इन चीजों की जरा सी भी कीमत बढ़ने पर कंपनियों का प्रोडक्शन चार्ज बढ़ जाता है. कार बनाने वाली कंपनियों की कुल लागत में कच्चे माल की हिस्सेदारी लगभग 60 से 65 फीसदी तक मानी जाती है. ऐसे में इनकी कीमतों में थोड़ा सा बदलाव भी कंपनियों के खर्च पर बड़ा असर डालता है.

2. चिप और इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स का खर्च

आज की कारें पहले की तुलना में काफी ज्यादा एडवांस फीचर्स के साथ आती हैं. इनमें टचस्क्रीन, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, कैमरा, सेंसर और कई तरह के इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम लगाए गए होते हैं. इन सभी चीजों को चलाने के लिए सेमीकंडक्टर और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स की आवश्यकता होती है. इनकी कीमतें बढ़ने या सप्लाई चेन प्रभावित होने से कार बनाने की लागत बढ़ जाती है.

3. नई टेक्नोलॉजी पर खर्च

ऑटो कंपनियां इलेक्ट्रिक कार, हाइब्रिड इंजन और बेहतर माइलेज वाली टेक्नोलॉजी तैयार करने पर लगातार काम कर रही हैं. इसके लिए रिसर्च, टेस्टिंग और नई मशीनों पर इन्वेस्ट करना पड़ता है. कंपनियों के लिए यह भविष्य की आवश्यकता है, लेकिन फिलहाल इस पर होने वाला खर्च भी उनके कुल बजट को प्रभावित करता है.

4. सेफ्टी फीचर्स का बढ़ता खर्च

कारों में अब सुरक्षा को पहले से ज्यादा अब ध्यान दिया जा रहा है. एयरबैग, ABS, EBD, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल और पार्किंग सेंसर जैसे एडवांस फीचर्स पर कंपनियां पैसे खर्च कर रही हैं. सुरक्षा से जुड़े नियमों में बदलाव के साथ इन तकनीकों को शामिल करने का खर्च भी बढ़ता है. इसका असर कार की शुरुआती कीमत पर देखने को मिलता है.

5. ट्रांसपोर्ट और शिपिंग महंगी होना

कच्चे माल को एक जगह से दूसरी जगह पर ले जाने और तैयार कारों को डीलर तर भेजने में भी काफी ज्यादा पैसे खर्च होते हैं. डीजल की कीमतों और माल ढुलाई के किराये में बढ़ोतरी होने से यह खर्च बढ़ जाता है. ग्लोबल लेबल पर शिपिंग महंगी होने का असर भी ऑटो कंपनियों पर देखने को मिलता है. रिपोर्ट के मुताबिक, बाल्टिक ड्राई इंडेक्स सितंबर में 3,408 अंक तक पहुंच गया था, वहीं एक साल पहले यह 2,124 अंक था.

6. रुपये की कीमत में गिरावट

कार बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाले कई पार्ट्स दूसरे देश से मंगाए जाते हैं. जब डॉलर या दूसरी विदेशी करेंसी के मुकाबले रुपया कमजोर होता है तो इन पार्ट्स को खरीदने के लिए कंपनियों को ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ते हैं. इसका सीधा असर प्रोडक्शन पर देखने को मिलता है.

7. सरकार के नए नियम

सरकार समयसमय पर वाहनों से निकलने वाले प्रदूषण को कम करने के लिए नएनए नियम लाती रहती है. नए नियमों के अनुसार इंजन और एग्जॉस्ट सिस्टम में बदलाव करना होता है. इसके लिए कंपनियों को नई तकनीक और ज्यादा उपकरण लगाने होते हैं. इन बदलावों पर होने वाला खर्च भी गाड़ियों की कीमतों पर असर डालता है.

8. टैक्स और दूसरे चार्ज

कारों की कीमत तय करने में टैक्स और की भी बहुत ही खास भूमिका होती है. GST, सेस और अलगअलग राज्यों में लगने वाला रोड टैक्स कस्टमर्स की कुल खरीद लागत को प्रभावित करता है. लेकिन ये चार्ज सीधे कंपनियों की प्रोडक्शन लागत नहीं हैं लेकिन एक्सशोरूम कीमत बढ़ने पर कस्टमर्स को ऑनरोड कीमत के रूप में ज्यादा पेमेंट करना पड़ सकता है.

9. फैक्ट्री चलाने का खर्च

कार बनाने वाली कंपनियों को सिर्फ कच्चे माल पर ही पैसे खर्च नहीं करने होते हैं. फैक्ट्री में बिजली, मशीनों की मेनटेंनेंस, कर्मचारियों की सैलरी और दूसरे कामकाज पर भी पैसा खर्च करना होता है. महंगाई के साथ इन सभी खर्चों में बढ़ोतरी होती रहती है.

10. कस्टमर्स की बदलती पसंद

अब लोग कार खरीदते समय सिर्फ इंजन और माइलेज ही नहीं देखते हैं. सनरूफ, वेंटिलेटेड सीट, बड़ी स्क्रीन, कनेक्टेड कार फीचर्स और ADAS जैसी तकनीकों की मांग भी काफी ज्यादा बढ़ी है. इन सुविधाओं को कार में शामिल करने के लिए कंपनियों को ज्यादा खर्च करना होता है. यही वजह है कि नई कारों में तकनीक बढ़ने के साथ उनकी कीमतों पर भी असर दिखाई देता है.

ऑटो कंपनियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती बढ़ती लागत और कस्टमर्स की खरीदने की क्षमता के बीच बैलेंस बनाने की है. अगर कंपनियां पूरा अतिरिक्त खर्च खुद उठाती हैं तो उनके मुनाफे पर असर पड़ता है. वहीं कीमतें बढ़ाने पर ग्राहकों के लिए कार खरीदना महंगा हो जाता है.