अगर आपके पास कार या बाइक है, तो आने वाले दिनों में गाड़ी का इंश्योरेंस कराना और भी जरूरी हो सकता है. जरा सोचिए, आप पेट्रोल पंप पर गाड़ी में तेल भरवाने पहुंचे और वहां पता चले कि इंश्योरेंस खत्म होने की वजह से आपको पेट्रोल या डीजल नहीं मिलेगा. इतना ही नहीं, अगर आप बारबार ट्रैफिक नियम तोड़ते हैं, तो अगली बार गाड़ी का बीमा कराते समय ज्यादा पैसे भी चुकाने पड़ सकते हैं. दरअसल, केंद्र सरकार वाहन बीमा से जुड़े कई बड़े बदलावों पर विचार कर रही है. इसका मकसद सड़क पर बिना इंश्योरेंस चलने वाली गाड़ियों की संख्या कम करना और लोगों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने के लिए प्रोत्साहित करना है. हालांकि, अभी ये सभी बदलाव प्रस्ताव के स्तर पर हैं.

बारबार ट्रैफिक चालान कटने पर महंगा होगा इंश्योरेंस?

सरकार जिस बड़े बदलाव पर विचार कर रही है, उसका सीधा असर ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले वाहन मालिकों पर पड़ सकता है. प्रस्ताव के मुताबिक, बीमा कंपनियां तय करते समय पिछले एक साल में वाहन के खिलाफ दर्ज ट्रैफिक उल्लंघनों को भी ध्यान में रख सकेंगी. आसान शब्दों में समझें तो अगर आपकी गाड़ी पर बारबार ट्रैफिक नियम तोड़ने के मामले दर्ज होते हैं, तो आपको इंश्योरेंस के लिए ज्यादा पैसे देने पड़ सकते हैं. वहीं, नियमों का पालन करने वाले वाहन मालिकों को तुलनात्मक रूप से कम प्रीमियम देना पड़ सकता है. हालांकि, किस गलती पर प्रीमियम कितना बढ़ेगा, इसे लेकर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है.

कार के लिए 4 साल और बाइक के लिए 6 साल का इंश्योरेंस?

सरकार वाहन मालिकों को बारबार कराने की परेशानी से राहत देने पर भी विचार कर रही है. इसके तहत कारों के लिए 4 साल और दोपहिया वाहनों के लिए 6 साल की इंश्योरेंस पॉलिसी लाने का प्रस्ताव है. वाहन मालिक एक बार प्रीमियम भरकर लंबी अवधि तक बीमा कवर ले सकेंगे. इससे हर साल पॉलिसी रिन्यू कराने की जरूरत कम हो सकती है और इंश्योरेंस खत्म होने का खतरा भी घट सकता है. इसके अलावा कुछ खास कैटेगरी की गाड़ियों के बेस प्रीमियम में बदलाव की भी समीक्षा हो रही है। इनमें इलेक्ट्रिक वाहन भी शामिल हैं.

बिना इंश्योरेंस नहीं मिलेगा पेट्रोलडीजल?

सबसे ज्यादा चर्चा उस प्रस्ताव की है, जिसके तहत बिना वैध इंश्योरेंस वाली गाड़ियों को पेट्रोल पंप पर फ्यूल देने से रोका जा सकता है. सुप्रीम कोर्ट की सड़क सुरक्षा समिति ने सड़क परिवहन और पेट्रोलियम मंत्रालयों से इस व्यवस्था का पायलट प्रोजेक्ट शुरू करने को कहा है. शुरुआत में हरियाणा और उत्तर प्रदेश के 55 पेट्रोल पंपों पर इसका ट्रायल करने का प्रस्ताव है.

इन पेट्रोल पंपों पर ANPR कैमरे लगाए जाएंगे, जो गाड़ी की नंबर प्लेट पढ़कर उसका रजिस्ट्रेशन नंबर पहचान सकेंगे. इसके बाद पता लगाया जा सकेगा कि गाड़ी का इंश्योरेंस वैध है या नहीं. अगर यह व्यवस्था आगे चलकर बड़े स्तर पर लागू होती है, तो बिना बीमा वाली गाड़ियों के लिए पेट्रोलडीजल भरवाना मुश्किल हो सकता है.

देश में कितनी गाड़ियां बिना इंश्योरेंस चल रही हैं?

दरअसल, देश में बड़ी संख्या में वाहन बिना वैध इंश्योरेंस के चल रहे हैं. आंकड़ों के मुताबिक, करीब 25 करोड़ सक्रिय गाड़ियों के पास वैध बीमा है. यह देश में चल रहे कुल वाहनों का लगभग 81 प्रतिशत है. अलगअलग गाड़ियों की बात करें तो भारी कमर्शियल वाहनों में 90 प्रतिशत से ज्यादा के पास इंश्योरेंस है. कारों में यह आंकड़ा करीब 88 प्रतिशत और दोपहिया वाहनों में लगभग 80 प्रतिशत है. सबसे खराब स्थिति तीन पहिया वाहनों की है. इनमें सिर्फ करीब 57 प्रतिशत गाड़ियों के पास ही वैध इंश्योरेंस है. यानी अभी भी लाखों नहीं, बल्कि करोड़ों वाहन जरूरी बीमा के बिना सड़कों पर चल रहे हैं.

आखिर सरकार क्यों बदलना चाहती है नियम?

मोटर व्हीकल एक्ट के तहत थर्डपार्टी इंश्योरेंस कराना जरूरी है. अगर किसी गाड़ी से हादसा होता है और किसी दूसरे व्यक्ति को चोट लगती है, उसकी मौत होती है या उसकी संपत्ति को नुकसान पहुंचता है, तो यह बीमा तय शर्तों के अनुसार मुआवजा देने में मदद करता है. लेकिन अगर हादसा करने वाली गाड़ी का इंश्योरेंस नहीं है, तो पीड़ित और उसके परिवार को मुआवजा पाने में परेशानी हो सकती है. सुप्रीम कोर्ट भी पहले सरकार से ऐसी व्यवस्था पर विचार करने को कह चुका है, जिससे सड़क पर चलने वाली गाड़ियों का वैध इंश्योरेंस सुनिश्चित हो सके.