कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा ‘Belonging: A Journey of Love’ में कई बड़े खुलासे किए हैं. इस किताब में उन्होंने अपने पति और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या से जुड़ा एक भावुक खुलासा किया और अपने दिल का दर्द बयां किया. उन्होंने बताया कि पति की LTTE के एक आत्मघाती हमलावर द्वारा हत्या किए जाने के तीन दशक से भी ज़्यादा समय बीत जाने के बाद भी उन्होंने विस्फोट के बाद उनके पार्थिव अवशेषों की तस्वीर कभी नहीं देखी.

अपनी किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ में सोनिया गांधी ने बताया कि कैसे उनके बच्चों राहुल और प्रियंका गांधी ने उन्हें उन भयानक तस्वीरों से बचाने की ज़िम्मेदारी खुद उठाई थी. दोनों ने अपने स्टाफ को निर्देश दिया था कि सोनिया गांधी तक कोई भी अखबार या पत्रिका पहुंचने से पहले वो लोग उसे अच्छी तरह जांच लें.

‘राहुल और प्रियंका ने जानबूझकर छिपाई तस्वीरें’

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बताती हैं कि उनके बेटे राहुल गांधी और बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा ने जानबूझकर वह तस्वीर उनसे छिपाकर रखी थी. उन्होंने स्टाफ को निर्देश दिया था कि बिना जांचपरख किए उन्हें कोई भी अखबार या पत्रिका न दी जाए. हर चीज की पहले उनके द्वारा जांच की जानी थी.

सोनिया गांधी ने कहा कि राहुल और प्रियंका गांधी दोनों उन्हें अपने पिता के उस भयावह दृश्य से बचा रहे थे, जो प्रिंट मीडिया में छपा था और बारबार छप सकता था. सोनिया गांधी आगे कहा कि वो राहुल और प्रियंका की देखरेख में एक बच्चे की तरह हो गई थीं, और उनके बच्चे एक अभिभावक की तरह अपनी मां की सुरक्षा कर रहे थे.

‘मैं बच्चे की तरह हो गई थी…’

सोनिया लिखती हैं, ‘मैं एक ऐसे बच्चे की तरह हो गई थी जिसे सुरक्षा की ज़रूरत थी, और वे ऐसे मातापिता की तरह बन गए थे जो अपनी मां की देखभाल करते हुए उसे हर तरह की सुरक्षा देना चाहते थे’ वह कहती हैं, ‘आज भी तीस साल से अधिक समय बीत जाने के बाद, मैंने विस्फोट के बाद राजीव के अवशेषों की वह तस्वीर नहीं देखी है’.

‘प्रियंका ने दी राजीव की मौत की खबर’

21 मई, 1991 की उस रात को याद करते हुए, जब तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में राजीव गांधी की हत्या कर दी गई थी, सोनिया ने बताया कि धमाके के बाद प्रियंका दौड़ती हुई उनके कमरे में आई. शुरुआत में, उसने अपनी मां को बताया कि उनके पिता के आसपास मौजूद 12 लोग मारे गए हैं, लेकिन राजीव सुरक्षित हैं. बाद में उसने सच बताया कि पापा अब नहीं रहे.

‘मेरे राजीव अब नहीं रहे…’

सोनिया लिखती हैं कि वह प्रियंका की बांहों में ढह गईं. उस समय उनके मन में सबसे पहला ख्याल यही आया कि काश वह भी राजीव के साथ इस यात्रा पर गई होतीं. वह लिखती हैं कि बारबार उनके मन में यही बात आ रही थी कि मुझे उनके साथ जाना चाहिए था. वह आगे लिखती हैं, ‘मेरे राजीव अब नहीं रहे. वह चले गए. मैं अब कभी उनका सुंदर चेहरा नहीं देख पाऊंगी, कभी यह महसूस नहीं कर पाऊंगी कि उन्होंने मुझे थाम रखा है, और कभी उनकी बांहों की उस सुरक्षा को महसूस नहीं कर पाऊंगी’

‘मुझे अफसोस है कि हम उन्हें बचा नहीं सके’

उन्हें यह भी याद है कि उन्होंने परिवार के दोस्त सुमन दुबे से फोन पर बात की थी और पूछा था कि क्या सब कुछ खत्म हो गया है. सोनिया गांधी लिखती हैं, ‘मैंने उनसे पूछा, क्या सब खत्म हो गया है? और मुझे फोन पर उनकी कांपती हुई आवाज याद है ‘हां’ मुझे अफ़सोस है कि हम उन्हें बचा नहीं सके’.

राजीव का पार्थिव शरीर देखने की जिद

जब सोनिया चेन्नई गईं, तो उन्होंने बारबार राजीव को देखने की ज़िद की. हालांकि, प्रियंका ने उन्हें राजीव का पार्थिव शरीर देखने से रोकने की कोशिश की. सोनिया बताती हैं कि कैसे राजीव के ताबूत को विमान में लाया गया और प्रियंका उसके पास ज़मीन पर बैठी थीं, अपना सिर ताबूत से टिकाए हुए.

‘राजीव ने अपनी आंखें दान करने का संकल्प लिया था’

दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में, सोनिया को याद आया कि राजीव ने अपनी आंखें दान करने का संकल्प लिया था, ठीक वैसे ही जैसे उनकी मां इंदिरा गांधी ने लिया था. उन्होंने परिवार के डॉक्टर, डॉ. माथुर से इस दान के बारे में पूछा. इस पर उन्होंने हिंदी में जवाब दिया ‘आँखें? अरे क्या बात कर रही हैं आप, कुछ नहीं बचा है, कुछ भी नहीं!’.

‘पार्थिव शरीर के पास बिना हिलेडुले खड़े रहे राहुल’

राहुल, जो उस समय अमेरिका में थे, भारत लौटे और अपने पिता के पार्थिव शरीर को देखने गए. सोनिया बताती हैं कि राहुल राजीव के पार्थिव शरीर के पास बिना हिलेडुले खड़े रहे और फिर अपने पिता के चरणों में अपना माथा टेक दिया. आसपास मौजूद लोगों की नज़रों से उन्हें बचाने के लिए एक सफेद चादर का इस्तेमाल किया गया था.

‘पिता की अर्थी के साथ चलने की जिद की’

सोनिया लिखती हैं कि राहुल ने अंतिम संस्कार के दौरान अपने पिता की अर्थी के साथ चलने की ज़िद की, जबकि उन्हें राहुल की सुरक्षा को लेकर चिंता थी, उन्होंने ही अंतिम संस्कार की रस्में भी पूरी कीं. उन्होंने चिता को आग दिए जाने के बाद के उस पल को याद करते हुए कहा ‘जैसे ही राहुल, प्रियंका और मेरी ओर आते हैं, मैं फूटफूटकर रो पड़ती हूं. हम तीनों एकदूसरे को कसकर गले लगा लेते हैं.

अस्थियां विसर्जन के दौरान याद आया राजीव के साथ नाव का सफर

उन्हें इलाहाबाद के संगम में राजीव गांधी की अस्थियों के विसर्जन का भी ध्यान आता है. इस रस्म ने उन्हें राजीव और संजय गांधी के साथ की गई एक पुरानी नाव की यात्रा की याद दिला दी, जब राजीव ने उन्हें नदियों के मिलन के बारे में बताया था.वे लिखती हैं, ‘दो दशक पहले, एक सुनहरी सुबह, मेरी सास के कहने पर हम राजीव, संजय और मैं नाव से संगम की ओर गए थे. राजीव ने मुझे पानी के अलगअलग रंगों और दोनों नदियों के मिज़ाज के बारे में बताया था. ऐसा लग रहा था मानो एक नदी दूसरी में मिलने से हिचकिचा रही हो. उन्होंने मुझे तीसरी नदी अदृश्य सरस्वती के बारे में उस धार्मिक मान्यता के बारे में बताया था, जो विशाल गंगा और यमुना के नीचे बहती है. अंत में, उन्होंने मुझे उस रस्म का अर्थ भी समझाया था, जिसे हमें उस समय पूरा करना था’.

बहन नादिया ने कही थी इटली लौटने की बात

सोनिया ने यह भी लिखा है कि राजीव गांधी की हत्या के बाद, उनकी बहन नादिया ने उनसे इटली वापस लौटने के लिए कहा. नादिया ने उनसे कहा, ‘सोनिया, उन्होंने तुम्हारी सास को मार डाला, अब उन्होंने तुम्हारे पति को भी मार दिया… भारत ने तुम्हें बहुत दुख दिया है. सोनिया, घर वापस आ जाओ, हम सब चाहते हैं कि तुम वापस आ जाओ’. लेकिन उन्होंने जाने से मना कर दिया और कहा, ‘नहीं, नादिया, नहीं! यह मेरा घर है. यह मेरा देश है, मेरे बच्चों का देश है’.

राजीव के सामान में क्याक्या मिला था

उनकी मौत के कुछ दिनों बाद, सोनिया का ध्यान राजीव की निजी चीजों की ओर गया. वह लिखती हैं कि राजीव हमेशा अपनी यात्रा का सामान खुद ही पैक करते थे. उन्हें जो चीजें मिलीं, उनमें उनके खादी के कुर्ते, रुमाल, शॉल, टॉयलेटरीज़, टूथब्रश, शेवर, हेयर ब्रश, काले चश्मे और एक पोर्टेबल रेडियो शामिल थे.

वहां परिवार की कुछ तस्वीरें भी थीं, जिनमें कैम्ब्रिज में राजीव द्वारा सोनिया की खींची गई पहली तस्वीर और उनके बच्चों की अलगअलग उम्र की तस्वीरें शामिल थीं. सोनिया ने लिखा ‘मैं उन्हें एकएक करके देखती हूं. बच्चे जो अपने विकास के अलगअलग चरणों में हैं, उनकी मां और भाई है. एक अलग बैग में वे कपड़े रखे हैं जिन्हें उन्होंने उतार दिया था. मैं उस बैग की ओर झुकती हूं, ताकि अपने उस प्रियजन की हल्की सी महक को महसूस कर सकूं, जो अब हमेशा के लिए जा चुका है’.

‘राजीव की मौत के बाद 10, जनपथ में ही सिमट कर रह गई थीं’

राजीव गांधी की हत्या के अगले दिन, कांग्रेस कार्य समिति ने फैसला किया कि सोनिया को कांग्रेस अध्यक्ष बनना चाहिए. प्रियंका ने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया, क्योंकि वह बेहद दुखी और गुस्से में थीं. अगले महीने चुनावों में मिली शानदार जीत के बावजूद, सोनिया बताती हैं कि उस समय उनका दुनियादारी में कोई मन नहीं था और राजीव की मौत के बाद वह 10, जनपथ में ही सिमट कर रह गई थीं.

21 मई 1991 को तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में हुई थी हत्या

21 मई 1991 को तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में एक चुनावी रैली के दौरान, LTTE की एक महिला आत्मघाती हमलावर ने राजीव गांधी को माला पहनाने का नाटक करते हुए अपने शरीर से बंधे विस्फोटकों में धमाका कर दिया. इस हमले में राजीव गांधी और उनके पास मौजूद 14 अन्य लोगों की मौत हो गई थी.