Jhunjhunu Hit and Run: झुंझुनूं में हिट एंड रन का मामला सामने आया है. यहां चिड़ावा/पिलानी विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी रहे राजेश दहिया और उनकी बहू चिना दहिया के पोस्टर वाली थार के रफ्तार का कहर देखने को मिला. यहां थार ने टक्कर बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दो लोगों की मौत हो गई. मृतकों की पहचान राजेश सैनी और ओमप्रकाश सैनी के रूप में हुई है. वहीं एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे जयपुर रेफर किया गया है.

थार में बियर की केन मिलने का भी विडियो ग्रामीणों ने बनाया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल है. यही नहीं आक्रोशित ग्रामीणों ने देर रात तक विरोध प्रदर्शन किया और सड़क को जाम कर दिया. पुलिस प्रशासन ने मामले को शांत करवाने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीणों का आक्रोश कम नहीं हुआ. ग्रामीणों का आरोप है कि आरोपित भाजपा नेता राजेश दहिया के परिवार से है, जिसको पुलिस बचाने का प्रयास कर रही है.

थार को मौके से हटाने की भी कोशिश

ग्रामीणों का यहां तक आरोप है कि आरोपित नेता के परिवार का होने के कारण पुलिस उसको मौके से लेकर चली गई और थार पर लगे पोस्टरों को भी फाड़ दिया. इतना ही नहीं थार को मौके से हटाने की भी कोशिश करने का आरोप ग्रामीण लगा रहे हैं. इसी बीच जमा भीड़ द्वारा पुलिस की गाड़ी पर भी पथराव करने की जानकारी मिली है.

इसके बाद मामला बढ़ता देख अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, पिलानी व चिड़ावा थानाधिकारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले को शांत करवाने की कोशिश की, लेकिन मामला शांत नहीं हुआ. सूचना पर ओबीसी आयोग के सदस्य पवन मावंडिया, चिड़ावा चेयरमैन सुमित्रा सैनी, सैनी समाज के नेता राजेश सैनी सहित बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए.

राजेश दहिया की बहू चुनाव लड़ रहीं

बता दें कि राजेश दहिया की बहू चिना दहिया चिड़ावा पंचायत समिति के वार्ड नं 11 से भाजपा के टिकट पर पंचायत समिति सदस्य का चुनाव भी लड़ रही हैं. इस थार पर इसीलिए उनके और भाजपा नेता के पोस्टर लगे हुए हैं. साथ ही आपको ये बता दें कि थार में बियर मिलने से जाहिर है कि चालक शराब के नशे में था.