मुजफ्फरपुर में 19 वर्षीय युवती की मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है. युवती के शव को कथित तौर पर मिट्टी में गाड़कर उसके ऊपर आम का पौधा रोप दिया गया था. पुलिस ने जमीन की खुदाई कर शव के अवशेष बरामद किए हैं. मामले में हॉरर किलिंग की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, युवती की मां ने प्रेम प्रसंग की बात सार्वजनिक होने से आहत होकर बेटी के आत्महत्या करने का दावा किया है. पुलिस ने मां, बहन और दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.

बताया जाता है कि युवती औराई प्रखंड के रामपुर स्थित एक निजी स्कूल में पढ़ाती थी. इसी दौरान स्कूल के एक शिक्षक के साथ उसके प्रेम संबंध होने की बात सामने आई थी. युवती की मां के अनुसार, प्रेम प्रसंग की बात सार्वजनिक होने के बाद बेटी मानसिक रूप से परेशान थी. इसी कारण उसने करीब डेढ़ माह पहले आत्महत्या कर ली थी. मां का दावा है कि इसके बाद परिजनों ने शव को गांव के एक आम के बगीचे में दफना दिया और ऊपर आम का पौधा लगा दिया.
ग्रामीणों की चर्चाओं के बाद पुलिस सक्रिय
ग्रामीणों के बीच युवती के करीब एक माह से लापता होने को लेकर तरहतरह की चर्चाएं थीं. कुछ लोग उसके घर से भाग जाने की बात कह रहे थे, जबकि कुछ को आशंका थी कि उसकी हत्या कर शव को जमीन में दफना दिया गया है. इसी बीच पुलिस को मामले की जानकारी मिली. बताया जाता है कि गांव छोड़कर भागने की कोशिश कर रही युवती की मां को पुलिस ने ईदगाह चौक के पास एक वाहन से हिरासत में लिया. उससे पूछताछ के बाद पुलिस ने अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया.
पानी निकालने के बाद आठदस घंटे तक चली खुदाई
मां से पूछताछ के बाद पुलिस टीम डुमरी गांव स्थित बगीचे में पहुंची. जिस जगह शव दफनाए जाने की जानकारी मिली थी, वहां बारिश और बाढ़ का पानी भरा हुआ था. ऐसे में खुदाई करने से पहले पंपसेट की मदद से पानी निकालना पड़ा. इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने करीब आठ से दस घंटे की मशक्कत के बाद जमीन से शव के अवशेष बरामद किए.
मौके पर एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया. पुलिस ने बरामद अवशेषों को जांच के लिए सुरक्षित रखा है, ताकि मौत के कारणों और अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों का पता लगाया जा सके.
एसडीपीओ पूर्वी के नेतृत्व में जांच
मामले की जांच एसडीपीओ पूर्वी अलय वत्स के नेतृत्व में की जा रही है. जजुआर थानाध्यक्ष रोशन कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल पर कार्रवाई की. एसडीपीओ ने बताया कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि युवती की हत्या की गई थी या उसने आत्महत्या की थी. सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस हिरासत में लिए गए युवती की मां, बहन और दो युवकों से पूछताछ कर रही है. जांच पूरी होने के बाद ही युवती की मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी.



