पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष पद से अमरिंदर सिंह राजा वडिंग को हटाया जा चुका है. इस बीच सूबे के लिए पार्टी के केंद्रीय प्रभारी सचिन पायलट ने उन्हें एक “फाइटर” बताया है. उनका कहना है कि वे अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनावों में बहुत अहम भूमिका निभाएंगे. पायलट ने वडिंग को बेहद ऊर्जावान और मेहनती युवा बताया. राज्य का प्रभारी बनने के तुरंत बाद पंजाब इकाई में हुए इस बदलाव के बारे में पूछे जाने पर पायलट ने वडिंग की तारीफ की और कहा कि उन्होंने संगठन को मजबूत करने के लिए कड़ी मेहनत की है. हालांकि, कभीकभी संगठन में बदलाव जरूरी होते हैं.

पायलट ने कहा, ‘मैं आपको बता दूं कि मैं राजा वडिंग को 20 साल से जानता हूं. वह बहुत ही ऊर्जावान और मेहनती युवा हैं.उन्होंने कांग्रेस पार्टी को तब मजबूत करने में मदद की, जब हमारे पास केवल 1516 विधायक थे. वह एक बहुत ही चुनौतीपूर्ण दौर था. उन्होंने चार साल से ज्यादा समय तक संगठन को मजबूत करने के लिए कड़ी मेहनत की.
कांग्रेस हाईकमान के फैसले के बाद 2 अक्टूबर को वडिंग ने प्रदेश अध्यक्ष का पद छोड़ दिया और पूर्व ओलंपियन परगट सिंह ने यह जिम्मेदारी संभाली. उस समय वडिंग ने अपने पद से हटने के लिए परोक्ष रूप से पायलट को जिम्मेदार ठहराया था, जो पंजाब के लिए AICC के नवनियुक्त महासचिव हैं. इस हफ्ते की शुरुआत में परगट सिंह के कार्यभार संभालने के दौरान आयोजित एक कार्यक्रम में वडिंग ने कहा था कि हो सकता है पायलट की वजह से उन्हें पीछे हटना पड़े या उन्हें चुनाव का टिकट भी न मिले, लेकिन वह राहुल गांधी के एक सिपाही के रूप में कांग्रेस का झंडा ऊंचा रखना जारी रखेंगे. हालांकि, पायलट ने वडिंग की काफी तारीफ की.
किस आधार पर कांग्रेस ने बदला पंजाब का अध्यक्ष?
राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा, ‘वे एक फाइटर हैं, लेकिन कभीकभी संगठन में बदलाव होते रहते हैं. उत्तर प्रदेश में जहां फरवरी में चुनाव होने हैं वहां हमें एक नई अध्यक्ष मिली हैं. इसी तरह, पंजाब में भी हमें नए अध्यक्ष मिले हैं. परगत सिंह को पंजाब का अध्यक्ष बनाया गया है. हम आगे कैसे बढ़ना चाहते हैं, इसके आधार पर इस तरह के बदलाव होते रहते हैं.’
सचिन पायलट ने की परगट सिंह की तारीफ
वहीं, सचिन पायलट ने पंजाब कांग्रेस के नए अध्यक्ष पूर्व ओलंपियन परगट सिंह की तारीफ भी की. उन्होंने ने कहा, ‘वे हॉकी टीम के कप्तान रह चुके हैं और काफी जानेमाने व्यक्ति हैं. मुझे लगता है कि पंजाब में हमें ऐसे व्यक्ति की जरूरत है जो युवाओं को यह समझा सके कि ड्रग्स और भीड़ की हिंसा में शामिल होने के बजाय स्वास्थ्य, खेल और फिटनेस पर ध्यान देना कहीं बेहतर है. इसके अलावा, वे तीसरी बार विधायक बने हैं. मुझे लगता है कि पार्टी ने उन्हें इसलिए चुना है क्योंकि इस समय अध्यक्ष के रूप में पार्टी का नेतृत्व करने के लिए वे सबसे उपयुक्त व्यक्ति हैं.’



