Kerala Gold Chain Theft: केरल के अलाप्पुझा में एक हैरान कर देने वाली घटना घटी. यहां एक घायल व्यक्ति की सोने की चेन उसको अस्पताल पहुंचाते समय चुरा ली गई. घायल शख्स की सोने की चेन किसी और ने नहीं, बल्कि उसको बचाने वाले व्यक्ति ने चुराई. पुलिस ने आरोपी चोर को गिरफ्तार कर लिया है. वो पुन्नप्रा थेक्क पंचायत का रहने वाला है. इस मामले में आगे की जांच की जा रही है.

जानकारी के अनुसार, केरल के अलाप्पुझा में एक हादसा हो गया. ये हादसा रविवार रात को अलाप्पुझा मेडिकल कॉलेज परिसर के पास हुआ. इस हादसे में एक बाइक सवार व्यक्ति घायल हो गया. हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी का महौल बन गया. इस दौरान भीड़ में से आरोपी उस घायल बाइक सवार की सहायता करने के लिए आगे आया. उसने घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने के लिए ऑटो रिक्शा में बिठाया.

घायल के घरवालों ने पुलिस थाने में दर्ज कराई शिकायत

अस्पताल ले जाते समय उसने व्यक्ति की सोने की चेन चुरा ली. चेन चुराने और अस्पताल पहुंचने के बाद चोर रफूचक्कर हो गया. बाद में, जब परिजनों को पता चला कि सोने की चेन गायब है, जिसके बाद जख्मी व्यक्ति के घरवालों ने अलाप्पुझापुलिस स्टेशन में इस मामले की शिकायत दर्ज कराई. शिकायत दर्ज होने बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की.

कुरावनथोडे जंक्शन से गिरफ्तार किया गया आरोपी

पुलिस ने मेडिकल कॉलेज परिसर और उसके आसपास की सीसीटीवी फुटेज खंगाली. सीसीटीवी फुटेज से आरोपी को पहचाना गया, जिसके बाद पुलिस ने उसको कुरावनथोडे जंक्शन से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने बताया कि आरोपी पर पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया है. आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड देखा जा रहा है.