Delhi News: दिल्ली के सीमापुरी इलाके में बुधवार दोपहर के समय बड़ा हादसा हो गया. एक चार मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई. हादसे के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत राहतबचाव अभियान शुरू किया और मलबे से दो बच्चों को बाहर निकाल लिया. आननफानन में बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया. बताया जा रहा कि बिल्डिंग मालिक समेत परिवार के 6 लोग मलबे में दबे हैं. अभी तक दो बच्चों सहित कुल चार लोगों का रेस्क्यू कर एंबुलेंस से राजीव गांधी अस्पताल ले जाया गया है.

जानकारी के मुताबिक, फायर कंट्रोल रूम को दोपहर करीब 3:15 बजे सीमापुरी में बिल्डिंग गिरने की सूचना मिली, जिसके बाद दिल्ली पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं. टीमों ने आननफानन में राहतबचाव अभियान शुरू कर दिया. जानकारी के मुताबिक, करीब 25 गज की जमीन पर बनी इस इमारत के नीचे दुकानें और ऊपर चार मंजिल थीं. इमारत पिछले साल ही बनी थी.

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जारी किया अलर्ट

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने बिल्डिंग गिरने के बाद ट्रैफिक को लेकर अलर्ट जारी किया है. ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि सीमापुरी में एक बहुमंजिला इमारत गिर गई है. मौके पर राहत और बचाव दल काम कर रहे हैं. इसके चलते सीमापुरी गोल चक्कर, DLF भोपुरा और आसपास की सड़कों पर ट्रैफिक प्रभावित है. लोगों से अपील है कि अगर संभव हो तो इस रास्ते से जाने से बचें. घटनास्थल के पास गाड़ी न रोकें, पार्किंग न करें और भीड़ न लगाएं, ताकि एंबुलेंस और राहतबचाव वाहनों को आनेजाने में आसानी हो.

एक महीने पहले सत्य निकेतन में हुआ था हादसा

इसी दिल्ली में एक महीने पहले 6 सितंबर 2026 को सत्य निकेतन में एक पांच मंजिला इमारत भरभराकर गिर गई थी. हादसे में 7 लोगों की मौत हुई थी, जबकि कई लोग घायल हुए थे. शुरुआती जांच में इमारत के बेसमेंट में चल रहे मरम्मत और निर्माण कार्य के दौरान एक पिलर कमजोर होने और पानी जमा होने की बात सामने आई थी.