देश में फेस्टिव सीजन शुरू होने के साथ ही कार कंपनियों ने ग्राहकों की बढ़ती मांग को पूरा करने की तैयारी तेज कर दी है. Maruti Suzuki, Hyundai और Mahindra ने अपनी प्रोडक्शन कैपेसिटी और डीलरशिप पर वाहनों का स्टॉक बढ़ाना शुरू कर दिया है. कंपनियों का मकसद ज्यादा से ज्यादा बुकिंग को समय पर डिलीवरी में बदलना और कारों की वेटिंग पीरियड को कम रखना है.

Maruti Suzuki के पास करीब 2.2 लाख कारों की पेंडिंग बुकिंग है. कंपनी ने फेस्टिव सीजन से पहले डीलरों के पास स्टॉक बढ़ाकर 16 दिनों का कर दिया है. FY27 की शुरुआत में यह स्टॉक करीब 12 दिनों का था.
मारुति बना रही 5 लाख ज्यादा कारें
मारुति सुजुकी इंडिया के सीनियर एग्जीक्यूटिव ऑफिसर पार्थो बनर्जी ने बताया कि कंपनी ने दो नई प्रोडक्शन लाइन शुरू की हैं. इससे कुल उत्पादन क्षमता में 5 लाख यूनिट का इजाफा हुआ है. इन नई लाइनों का प्रोडक्शन धीरेधीरे बढ़ाया जा रहा है और साल के अंत तक इनके पूरी तरह स्थिर होने की उम्मीद है.
कंपनी अलगअलग मॉडलों की मांग के हिसाब से उत्पादन और सप्लाई को मैनेज कर रही है, ताकि किसी खास मॉडल की वेटिंग बहुत ज्यादा न बढ़े. सप्लाई की कमी बनी रहने पर लंबित बुकिंग वाले ग्राहकों के लिए कंपनी कुछ खास ऑफर भी ला सकती है.
हुंडई के पास 4 से 5 हफ्ते का स्टॉक
वहीं हुंडई इंडिया हुंडई ने अपने डीलर नेटवर्क में 4 से 5 हफ्ते का स्टॉक तैयार किया है. कंपनी ने लॉजिस्टिक्स को बेहतर करने के साथ वाहनों की उपलब्धता बढ़ाई है. हुंडई के MD और CEO तरुण गर्ग ने कहा कि कंपनी का फोकस मौजूदा बुकिंग को पूरा करने और डीलरशिप पर पर्याप्त स्टॉक रखने के बीच सही बैलेंस बनाने पर है.
महिंद्रा ने भी बढ़ाया प्रोडक्शन
दूसरी ओर, महिंद्रा ने SUV और EV की मैन्युफैक्चरिंग कैपेसिटी बढ़ाकर 68,000 यूनिट महीना कर दी है. कंपनी का कहना है कि मजबूत मांग के बावजूद प्रोडक्शन बढ़ाने से सप्लाई में सुधार हुआ है और कई मॉडलों की वेटिंग कम हुई है. भारत में नवरात्रि, दशहरा, धनतेरस और दिवाली के दौरान कारों की खरीदारी बढ़ जाती है. इसलिए कंपनियां इस समय पर ज्यादा से ज्यादा ग्राहकों को समय पर कार देने की तैयारी कर रही हैं.


