Hingoli News: महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में पेट्रोल पंप सील करने को लेकर हुए विवाद में इंडियन ऑयल के एक अधिकारी की हत्या कर दी गई. चोंडी गांव में कार्रवाई के दौरान पेट्रोल पंप संचालक के परिवार और कंपनी की टीम के बीच विवाद हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया. इसी दौरान इंडियन ऑयल के मैनेजर महेश शेळके पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया. गंभीर रूप से घायल महेश की मौके पर ही मौत हो गई. केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने घटना पर दुख जताते हुए महाराष्ट्र सरकार और पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

पेट्रोल पंप सील करने पहुंची थी टीम

जानकारी के मुताबिक, हिंगोली जिले के चोंडी गांव में इंडियन ऑयल का एक पेट्रोल पंप पिछले कुछ दिनों से बंद था. कंपनी की ओर से पेट्रोल पंप को सील करने और उसका टेकओवर करने की कार्रवाई की जानी थी. इसी सिलसिले में इंडियन ऑयल के मैनेजर महेश शेळके अपनी टीम के साथ पेट्रोल पंप पर पहुंचे थे. टीम ने जैसे ही पेट्रोल पंप को सील करने की कार्रवाई शुरू की, वहां मौजूद पेट्रोल पंप संचालक के परिवार के सदस्यों और कंपनी के अधिकारियोंकर्मचारियों के बीच विवाद हो गया.

विवाद के बाद धारदार हथियार से हमला

बताया जा रहा कि पेट्रोल पंप सील करने को लेकर शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में हाथापाई में बदल गया. इसी दौरान महेश शेळके पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया. हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए और पेट्रोल पंप परिसर में ही गिर पड़े. घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई. गंभीर चोट लगने के कारण महेश शेळके की मौके पर ही मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.

पेट्रोलियम मंत्री ने जताया दुख

इंडियन ऑयल के अधिकारी की हत्या की जानकारी सामने आने के बाद केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने भी इस घटना पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर महेश शेळके की मौत पर गहरा दुख जताया और घटना की कड़ी निंदा की. हरदीप पुरी ने कहा कि महेश शेळके इंडियन ऑयल के रिटेल आउटलेट के टेकओवर की कार्रवाई में शामिल टीम का हिस्सा थे और ड्यूटी के दौरान उन पर धारदार हथियार से हमला किया गया.

Deeply saddened and shocked by the tragic incident in which Shri Mahesh Shelke, Manager , IndianOil, lost his life in Maharashtra while discharging his official duties. He was a part of a team carrying out the takeover of an IndianOil retail outlet in Hingoli district when he was brutally attacked with a sharp weapon. I strongly condemn this heinous and unacceptable act of violence.

I offer my heartfelt condolences to the bereaved family in their hour of unimaginable grief and shock.
@PetroleumMin and @IndianOilcl firmly stand with them and will extend all possible support.

The issue has been taken up with the seniormost officials of the Maharashtra Government and Police to ensure swift and strict action against those responsible, in accordance with law.
The safety, dignity and security of our energysector personnel, who work tirelessly to serve the nation, remain paramount.

May the departed soul rest in peace.
Om Shanti. 🙏

— Hardeep Singh Puri October 7, 2026

महाराष्ट्र सरकार और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग

केंद्रीय मंत्री ने महाराष्ट्र सरकार और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से आरोपियों के खिलाफ कानून के तहत तेजी से और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि पेट्रोलियम मंत्रालय और इंडियन ऑयल महेश शेळके के परिवार के साथ खड़े हैं और उन्हें हरसंभव सहायता दी जाएगी. उन्होंने ऊर्जा क्षेत्र में काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा को बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि ड्यूटी के दौरान कर्मचारियों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना प्राथमिकता है.