छत्तीसगढ़ के धमतरी में एक हैरान करने और लोगों को परेशान कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां बोडरापुरी गांव में दबंगों ने श्मशान की जमीन तक कब्जा ली है. जिस जमीन पर हाल तक चिताएं जलती थीं, वहां आज फसल लहलहा रही है. ऐसे हालात में चिता जलाने के लिए जगह नहीं बची. परेशान होकर गांव के लोगों ने कलेक्टर का घेराव कर अपनी शिकायत दी है. कलेक्टर ने भी मामले की जांच कराने का भरोसा दिया है.

ग्रामीणों का आरोप है यहां छह एकड़ जमीन पर पुराना श्मशान है, लेकिन गांव के ही कुछ दबंग लोगों ने यह पूरी जमीन कब्जाकर खेत बना लिया है. यह अतिक्रमण आज नहीं हुआ, बल्कि पिछले करीब तीनचार सालों से लगातार जारी है. धीरे धीरे ऐसी स्थिति बन गई कि यहां एक चिता जलाने भर भी जगह नहीं बची. इसके चलते गांव में यदि किसी का निधन होता है तो गांव वालाों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है.

लोगों ने घेरा कलेक्ट्रेट

इस समस्या से परेशान बड़ी संख्या में लोग मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचे. वहां प्रशासन के सामने अपनी शिकायत रखी. ग्रामीणों ने मांग की है कि श्मशान घाट की जमीन की तत्काल सीमांकन कराया जाए और उसे अतिक्रमण मुक्त कराया जाए. ग्रामीणों ने अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की भी मांग की है. ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो लोग भूख हड़ताल और आमरण अनशन पर बैठेंगे.

कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश

गांव वालों की समस्या सुनकर कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है. उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मामले की जांच के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया और तय समय के अंदर रिपोर्ट देने को कहा है. कलेक्टर अविनाश मिश्रा के मुताबिक रिपोर्ट आने के बाद जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी.