दिल्ली जाने के लिए ट्रेन का टिकट बुक कराया है, लेकिन अब तक रेलवे की तरफ से कोई जानकारी नहीं मिली? तो सफर पर निकलने से पहले अपना मोबाइल जरूर चेक कर लें. दिल्ली में 10 अक्टूबर को होने वाले प्रदर्शन के चलते रेलवे ने नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर पहुंचने वाली कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द करने का फैसला लिया है. अब रेलवे प्रभावित यात्रियों को इसकी जानकारी देने के लिए बल्क में मैसेज भी भेज रहा है.

जिन यात्रियों की ट्रेन कैंसिल हो रही है, उन्हें मैसेज के जरिए मोबाइल पर इसकी सूचना दी जा रही है. इस फैसले का असर बिहार, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों से दिल्ली आने वाले यात्रियों पर पड़ सकता है. रेलवे के मुताबिक, दोनों स्टेशनों पर रोजाना करीब 75 हजार यात्री पहुंचते हैं. 10 घंटे तक रेल सेवाएं प्रभावित रहने की जानकारी दी है. 10 अक्टूबर की सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे तक दोनों स्टेशनों पर ट्रेनों की आवाजाही पर असर पड़ेगा.
क्यों लिया ट्रेनों को रद्द करने का फैसला?
दिल्ली में 10 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के आसपास भारी ट्रैफिक जाम की आशंका है. इन दोनों स्टेशनों पर यात्रियों की आवाजाही काफी ज्यादा रहती है. ऐसे में सड़क पर यातायात प्रभावित होने से यात्रियों को स्टेशन तक पहुंचने में परेशानी हो सकती है. इसी स्थिति को देखते हुए रेलवे ने ट्रेनों को ऑपरेट करने में बदलाव किया है.
रेलवे यात्रियों को भेज रहा बल्क मैसेज
यात्रियों को समय रहते जानकारी देने के लिए रेलवे की तरफ से जिन लोगों की ट्रेन रद्द हो रही है, उन्हें बल्क में मैसेज भेजे जा रहे हैं. बल्क मैसेज का मतलब है कि एक साथ बड़ी संख्या में यात्रियों के मोबाइल पर सूचना भेजना. इससे टिकट बुक कराने वाले यात्रियों को अपनी ट्रेन रद्द होने की जानकारी पहले मिल सकती है और वो यात्रा की दूसरी व्यवस्था करने के बारे में सोच सकते हैं. अगर आपने टिकट बुक कराया है, तो अपना मोबाइल चेक करते रहें. हालांकि, मैसेज नहीं मिलने का मतलब यह नहीं है कि आपकी ट्रेन जरूर चलेगी.
रेलवे की योजना का मकसद
आदेश के मुताबिक, 9 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे के बाद अपने शुरुआती स्टेशन से चलने वाली और 10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच नई दिल्ली या हजरत निजामुद्दीन पहुंचने वाली मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द रहेंगी. रेलवे की योजना का मकसद प्रदर्शन के दौरान यात्रियों की आवाजाही और यातायात व्यवस्था से जुड़ी परेशानियों को कम करना है. रेलवे के इस फैसले का असर बिहार और उत्तर प्रदेश से दिल्ली आने वाले यात्रियों पर पड़ सकता है. पटना से दिल्ली आने वाली राजधानी एक्सप्रेस, संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस और मगध एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनों के यात्रियों को अपनी ट्रेन का स्टेटस जरूर जांचना चाहिए.
ट्रेन का स्टेटस जांचने की सलाह
अपनी ट्रेन की स्थिति रेलवे के आधिकारिक माध्यमों से भी जांचें. रेलवे ने यात्रियों को घर से निकलने से पहले ट्रेन का स्टेटस जांचने की सलाह दी है. इसके लिए NTES ऐप या रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट का इस्तेमाल किया जा सकता है. यात्री रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर भी जानकारी ले सकते हैं. NTES में अपनी ट्रेन का नंबर डालकर उसके परिचालन और समय से जुड़ी जानकारी देखी जा सकती है.



