बिहार के मोतिहारी जिले में पुलिस ने भूमाफियाओं के खिलाफ एक बड़ी और सख्त कार्रवाई को अंजाम दिया है. छतौनी थाना क्षेत्र के बरियारपुर स्थित कथित भूमाफिया राकेश शर्मा के आवास पर तीन डीएसपी के नेतृत्व में छापेमारी की गई. इस दौरान भारी मात्रा में अवैध हथियार, नकद रुपये, शराब और करोड़ों रुपये के जमीन के कागजात बरामद किए गए हैं, जबकि मौके से मुख्य आरोपी के बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया है.

पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर रात करीब 12 बजे 10 गाड़ियों के साथ पुलिस बल ने राकेश शर्मा के घर पर धावा बोला. लगभग चार घंटे तक चली इस गहन छापेमारी में पुलिस ने घर के चप्पेचप्पे की तलाशी ली. इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 27 लाख रुपये नकद, 2 राइफल, 2 पिस्तौल, करीब 100 कारतूस और शराब की 6 ब्रांडेड बोतलें बरामद की हैं.
हथियारों और नकदी के अलावा, पुलिस ने मौके से जमीन की रजिस्ट्री के 65 से अधिक दस्तावेज भी जब्त किए हैं. इन दस्तावेजों का बाजार मूल्य 15 करोड़ रुपये से अधिक आंका जा रहा है. पुलिस अब इन सभी जमीन के कागजात और बरामद हथियारों के लाइसेंस की सत्यता व वैधता की गहनता से जांच कर रही है, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य पहलुओं का भी खुलासा हो सके.
मुख्य आरोपी राकेश शर्मा लंबे समय से जमीन के अवैध कारोबार, फर्जी रजिस्ट्री, जमीन पर कब्जा करने और लोगों को धमकाने के मामलों में सक्रिय रहा है. छापेमारी के दौरान वह फरार मिला. हालांकि, पुलिस ने उसके बेटे साहिल शर्मा को मौके से गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है. इस कार्रवाई से जिले के अन्य भूमाफियाओं में हड़कंप मच गया है और पुलिस फरार मुख्य आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है.



