त्योहारों के सीजन में ट्रेनों में बढ़ती भीड़ और टिकटों की मारामारी के बीच उत्तर रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत देने का फैसला किया है. रेलवे जम्मू डिवीजन से 8 जोड़ी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें चलाएगा. इन ट्रेनों से माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए कटरा आने वाले श्रद्धालुओं के साथसाथ उत्तर प्रदेश और बिहार जाने वाले यात्रियों को भी फायदा मिलेगा.

रेलवे के मुताबिक, कुछ स्पेशल ट्रेनें चलनी शुरू हो चुकी हैं, जबकि अन्य निर्धारित तारीखों पर अक्टूबर और नवंबर में संचालित की जाएंगी. इन ट्रेनों का उद्देश्य दशहरा, दिवाली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को संभालना और नियमित ट्रेनों पर दबाव कम करना है.
दिल्ली से कटरा के बीच बढ़ेगी कनेक्टिविटी
त्योहारी सीजन में नई दिल्ली और श्री माता वैष्णो देवी कटरा के बीच चार जोड़ी स्पेशल ट्रेनों का संचालन अलगअलग तारीखों पर किया जाएगा. इन ट्रेनों के रास्ते में सोनीपत, पानीपत, कुरुक्षेत्र, अंबाला, लुधियाना, जालंधर, पठानकोट और जम्मू जैसे प्रमुख स्टेशन शामिल हैं.
इससे दिल्ली, हरियाणा और पंजाब से माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी. साथ ही, जम्मू और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को भी सफर में सहूलियत होगी.
वाराणसी और जम्मू के बीच भी विशेष ट्रेन
रेलवे ने वाराणसी और जम्मू तवी के बीच ट्रेन नंबर 04231/04232 चलाने का भी फैसला किया है. वाराणसी से यह ट्रेन 18 अक्टूबर को रवाना होगी, जबकि जम्मू से वापसी सेवा 19 अक्टूबर को निर्धारित है.
इस ट्रेन के रास्ते में जौनपुर, अयोध्या, लखनऊ, बरेली, मुरादाबाद, सहारनपुर, अंबाला, लुधियाना, जालंधर और पठानकोट सहित कई प्रमुख स्टेशन आएंगे. इससे उत्तर प्रदेश और जम्मू के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा.
कटरा से वाराणसी के लिए नियमित अंतराल पर स्पेशल ट्रेन
माता वैष्णो देवी कटरा और वाराणसी के बीच ट्रेन नंबर 04604/04603 का संचालन भी किया जा रहा है. कटरा से यह ट्रेन 4 अक्टूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक रविवार को चलेगी. वापसी में वाराणसी से ट्रेन 6 अक्टूबर से 1 दिसंबर तक प्रत्येक मंगलवार को रवाना होगी.
इस सेवा से उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद, बरेली, रायबरेली और प्रतापगढ़ समेत कई क्षेत्रों के यात्रियों को लाभ मिलेगा.
बिहार जाने वालों के लिए भी इंतजाम
बिहार जाने वाले यात्रियों, खासकर छठ पूजा के लिए घर लौटने वालों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पठानकोट जंक्शन और छपरा के बीच ट्रेन नंबर 05194 चलाने की घोषणा की गई है.
यह ट्रेन 7 अक्टूबर से 25 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार को रात 12:30 बजे पठानकोट से रवाना होगी और तीसरे दिन सुबह 9:15 बजे छपरा पहुंचेगी. इससे जम्मू और पठानकोट क्षेत्र से बिहार जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी.
जम्मू तवी से वाराणसी के बीच भी सेवा
जम्मू तवी और वाराणसी के बीच ट्रेन नंबर 04610/04609 भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित होगी. जम्मू तवी से यह ट्रेन 1 अक्टूबर से 26 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार को चलेगी. वापसी में वाराणसी से ट्रेन 2 अक्टूबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को रवाना होगी.
इस ट्रेन के ठहराव वाले प्रमुख स्टेशनों में पठानकोट कैंट, जालंधर कैंट, धंडारी कलां, अंबाला कैंट, सहारनपुर, मुरादाबाद, शाहजहांपुर, लखनऊ जंक्शन और सुल्तानपुर शामिल हैं.
IRCTC से करा सकते हैं टिकट बुकिंग
उत्तर रेलवे के मुताबिक, इन स्पेशल ट्रेनों में सभी सीटें आरक्षित श्रेणी के तहत उपलब्ध होंगी. यात्री IRCTC की वेबसाइट या रेलवे के आरक्षण केंद्रों के माध्यम से टिकट बुक कर सकते हैं.
रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि सफर शुरू करने से पहले ट्रेन की तारीख, समय और ठहराव की ताजा जानकारी जरूर जांच लें.
त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए इन अतिरिक्त ट्रेनों से जम्मू, कटरा, उत्तर प्रदेश और बिहार के बीच रेल कनेक्टिविटी मजबूत होने की उम्मीद है.



