जम्मूकश्मीर के सांबा जिले में एक संदिग्ध कबूतर मिलने का मामला सामने आया है. जिससे सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया. कबूतर के पैर में अंगूठी, उसके साथ उर्दू में लिखा एक संदिग्ध नोट और पाकिस्तानी करेंसी मिलने की शुरुआती जानकारी है. इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. आनेजाने वाले लोगों प नजर रखी जा रही है.

कबूतर के साथ मिले इन सामानों ने सुरक्षा एजेंसियों का ध्यान आकर्षित किया है. अब जांच के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि कबूतर कहां से आया और उसके साथ मिले नोट और पाकिस्तानी करेंसी का क्या उद्देश्य था.

पैर में कोड नंबर वाली अंगूठी

जानकारी के मुताबिक सांबा के सीमावर्ती गांव मावा में काली माता मंदिर के पास पैर में कोड नंबर वाली अंगूठी पहने एक कबूतर मिला है. स्थानीय लोगों ने कबूतर को देखा, जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई. जांच के दौरान कबूतर के साथ पाकिस्तानी करेंसी और उर्दू में हाथ से लिखा एक नोट मिला. कबूतर मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया और संबंधित एजेंसी व पुलिस के हवाले कर दिया.

जांच में जुटीं एजेंसियां

मामले की सूचना स्थानीय पुलिस और खुफिया एजेंसियों को भी दे दी गई है. इसके बाद एजेंसियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है. कबूतर के साथ पाकिस्तानी मुद्रा, उर्दू में लिखा नोट और कोड नंबर वाली अंगूठी मिलने के बाद इस मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है. हालांकि, कबूतर कहां से आया, नोट में क्या लिखा है और अंगूठी पर दर्ज कोड का क्या मतलब है, इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.

इससे पहले मिला का पाकिस्तान गुब्बारा

पिछले कुछ सप्ताह से लगातार सीमा पार से कभी पाकिस्तान गुब्बारा तो कभी पाकिस्तानी कबूतर मिलने का सिलसिला जारी है जो कहीं ना कहीं एक गंभीर चिंता का विषय बनता जा रहा है. हाल ही में जम्मू के खौर इलाके के पलनवाला में एक संदिग्ध जहाजनुमा गुब्बारा मिला था. गुब्बारे पर पाकिस्तान की एयरलाइन PIA के निशान था.