Featured Image

मथुरा : उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से झूठी शान की खातिर हत्या (हॉनर किलिंग) का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ हिंदू युवक के साथ लव मैरिज करने से नाराज परिजनों ने अपनी ही बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी और राज छिपाने के लिए उसके शव को चुपचाप कब्र में दफना दिया। जब पति ने पत्नी से संपर्क न होने पर पुलिस से गुहार लगाई तब जाकर इस खौफनाक वारदात का पर्दाफाश हुआ। पुलिस ने कब्र खुदवाकर शव का पोस्टमार्टम कराया और मामले में वांछित चल रहे मृतका के सगे भाई को गिरफ्तार कर लिया है।

दिल्ली के आर्य समाज मंदिर में की थी शादी

जानकारी के मुताबिक राजस्थान के झुंझुनू जिले के निहालपुरा गांव निवासी रविंद्र कुमार का मथुरा के गोविंदनगर (नई बस्ती, बद्री नगर) की रहने वाली नाजिया से लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। नाजिया के परिजन इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थे। परिवार की मर्जी न होने के चलते दोनों ने 18 जून को दिल्ली के तीस हजारी कोर्ट स्थित आर्य समाज वैदिक ट्रस्ट में प्रेम विवाह कर लिया और साथ रहने लगे।

“धूमधाम से करेंगे शादी…” कहकर साथ ले गए थे परिजन

रविंद्र का आरोप है कि शादी के करीब डेढ़ महीने बाद 2 अगस्त को नाजिया के परिजन झुंझुनू स्थित उसके घर पहुंचे। परिजनों ने दोनों को भरोसा दिलाया कि वे अब इस रिश्ते को स्वीकार कर चुके हैं और एक महीने के भीतर समाज के सामने पूरे रीति-रिवाज और धूमधाम से उनकी शादी कराएंगे। परिवार की बातों में आकर रविंद्र ने नाजिया को उनके साथ मथुरा भेज दिया। लेकिन मथुरा पहुंचने के बाद परिजनों ने नाजिया से रविंद्र का संपर्क पूरी तरह कटवा दिया। रविंद्र ने बार-बार बात करने की कोशिश की लेकिन ससुरालवालों ने बात नहीं कराई और बाद में उसे नाजिया की हत्या किए जाने की भनक लगी।

कब्र से निकलवाया गया शव, पोस्टमार्टम में खुला राज

शक गहराने पर रविंद्र ने तुरंत राजस्थान के पचेरीकलां थाने में शिकायत दर्ज कराई। चूंकि घटना मथुरा की थी, इसलिए पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर मामला मथुरा के गोविंदनगर थाने स्थानांतरित कर दिया। गोविंद नगर पुलिस ने जब मामले की तहकीकात शुरू की तो दंग रह गई। पुलिस ने प्रशासनिक अनुमति लेकर कब्र से नाजिया के शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में साफ हो गया कि नाजिया की मौत स्वाभाविक नहीं थी, बल्कि गला दबाकर उसकी बेरहमी से हत्या की गई थी।

रेलवे लाइन के पास से धरा गया भाई, अन्य की तलाश

पति रविंद्र की तहरीर पर पुलिस ने नाजिया के भाई अकरम, मोहम्मद कैफ, सोहिब, मां, चाची, जीजा आजाद और बहन के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने का मुकदमा दर्ज किया है। गोविंदनगर थाने के उप निरीक्षक मयंक वत्स ने मुखबिर की सूचना पर 80 फुटा रोड पर आइसक्रीम फैक्ट्री के पीछे रेलवे लाइन के पास चेकिंग के दौरान आरोपी भाई मोहम्मद कैफ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि वारदात में शामिल बाकी फरार परिजनों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी सलाखों के पीछे होंगे।