कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में पुलिस नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहा है। आए दिन पुलिस नशा तस्करों को सलाखों के पीछे डाल रही है। ताजा मामला जिला कांगड़ा से सामने आया है। यहां पर पुलिस ने नशे की ढेर सारी खेप के साथ दो युवकों को अरेस्ट किया है।

नशे के खिलाफ गश्त कर रही थी पुलिस
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला कांगड़ा के से सामने आया है। यहां पर पुलिस नशे के खिलाफ गश्त कर रही थी। आवाजाही वाले सभी वाहनों की नियमित चेकिंग की जा रही थी। CIA टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में चिट्टे से जुड़ी गतिविधियां हो रही हैं।
गुप्त सूचना मिलने पर रोकी बाइक
सूचना मिलने के बाद टीम ने भवारना थाना क्षेत्र के दरांग के पास गश्त और चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान बाइक नंबर HP 37K 0784 वहां से गुजरी। बाइक पर दो युवक सवार थे। पुलिस ने शक के आधार पर बाइक को रोका और दोनों की तलाशी ली। इस दौरान उनके पास से 18.62 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
पालमपुर के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
पुलिस ने दोनों युवकों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान अनिकेत पठानिया (24), निवासी वार्ड नंबर 4, लामा, पालमपुर और राहुल सूद (25), निवासी वार्ड नंबर 9, सुघर, डाकघर बंदला, पालमपुर के रूप में हुई है। दोनों युवक पालमपुर के रहने वाले हैं।
चिट्टा कहां से लाए, किसे करना था सप्लाई?
पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वे चिट्टा कहां से लेकर आए थे और आगे इसकी सप्लाई किसे करने वाले थे। साथ ही पुलिस इस मामले से जुड़े अन्य लोगों और चिट्टे के सप्लाई नेटवर्क की भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।



