Mumbai News: साउथ मुंबई के बेहद संवेदनशील और चर्चित इलाके पाकमोडिया स्ट्रीट में गुरुवार सुबह से बृहन्मुंबई महानगरपालिका की बड़ी तोड़क कार्रवाई जारी है. भारी पुलिस बंदोबस्त के बीच बीएमसी की टीम पाकमोडिया स्ट्रीट स्थित हाजी इस्माइल हबीब मुसाफिरखाना के जर्जर हिस्सों पर बुलडोजर चला रही है. खास बात यह है कि इसी परिसर के पास अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम का पुश्तैनी मकान हुआ करता था, हालांकि आज की इस कार्रवाई में दाऊद का घर शामिल नहीं है और विवादों में रही मस्जिद के मुख्य हिस्से को भी फिलहाल तोड़क कार्रवाई से अलग रखा गया है. वहीं, मुसाफिर खाना मस्जिद तोड़क कार्रवाई को लेकर मुंबई हाई कोर्ट में 3 बजे सुनवाई होगी.

पाकमोडिया स्ट्रीट में सुबह से ही बीएमसी की टीम भारी सुरक्षा व्यवस्था के साथ मौके पर डटी हुई है. टीम द्वारा हाजी इस्माइल हबीब मुसाफिरखाना परिसर के जर्जर हो चुके हिस्सों को ढहाया जा रहा है. इसी परिसर में स्थित मस्जिद के ऊपरी हिस्से और आसपास के जर्जर निर्माण को तोड़ा जा रहा है. हालांकि, जिस मस्जिद को लेकर पूर्व में विवाद हुआ था, उसके मुख्य हिस्से पर फिलहाल बुलडोजर नहीं चलाया जा रहा है और उसे अभी कार्रवाई से बाहर रखा गया है.
किसी भी तरह की अप्रिय घटना या विरोध प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए पूरे पाकमोडिया स्ट्रीट इलाके में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है और बैरिकेडिंग कर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है.
दाऊद इब्राहिम के पुश्तैनी घर से क्या है इस परिसर का कनेक्शन?
इस पूरे परिसर का संबंध अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के पुश्तैनी घर से रहा है. इसी इमारत के दूसरे हिस्से में कभी दाऊद का पुश्तैनी मकान हुआ करता था, जिसे करीब 4 से 5 साल पहले कोविड काल के दौरान ही ढहा दिया गया था. आज बीएमसी जिस बचे हुए जर्जर हिस्से पर कार्रवाई कर रही है, उसमें दाऊद का मकान शामिल नहीं है.
पाकमोडिया स्ट्रीट वही इलाका है जहां दाऊद इब्राहिम का जन्म हुआ, उसका बचपन बीता और शुरुआती स्कूली शिक्षा हुई. यहीं से दाऊद ने स्थानीय लड़कों को इकट्ठा कर अपने अपराध साम्राज्य यानी ‘डीकंपनी’ की नींव रखी थी. इतिहास के पन्नों के मुताबिक, इसी पाकमोडिया स्ट्रीट में पठान गैंग ने दाऊद के भाई शब्बीर इब्राहिम की हत्या की थी, जिसका बदला लेने के लिए दाऊद ने रमा नाइक और बड़ा राजन की टोली के साथ मिलकर समद पठान की हत्या करवाई थी.



