Delhi News: दिल्ली में बिजली के खंभों, ओवरहेड तारों, ट्रांसफॉर्मर और सबस्टेशनों के आसपास अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ BSES ने निगरानी और कार्रवाई तेज कर दी है. कंपनी ने वित्त वर्ष 202526 में 44 हजार से अधिक नोटिस जारी किए, जबकि वित्त वर्ष 202627 में अब तक 35,500 से ज्यादा नोटिस दिए जा चुके हैं. इस तरह अब तक कुल 80,263 नोटिस जारी किए गए हैं.

BSES के मुताबिक, दक्षिण, पश्चिम, पूर्वी और मध्य दिल्ली में बिजली वितरण नेटवर्क का नियमित निरीक्षण किया जाता है. इस दौरान बिजली की लाइनों के नजदीक बने मकानों, बालकनी, छज्जों, बरामदों और छतों पर ऐसे निर्माण की पहचान की जाती है, जो निर्धारित सुरक्षा दूरी का उल्लंघन करते हैं. संबंधित उपभोक्ताओं को नोटिस देकर निर्माण में सुधार करने और जरूरी दूरी बनाए रखने की हिदायत दी जाती है.

नियम नहीं मानने पर होगी कार्रवाई

BSES के अनुसार, नोटिस जारी करने के बाद संबंधित क्षेत्रीय कार्यालयों के जरिए निगरानी की जाती है. यदि उपभोक्ता अवैध निर्माण या अतिक्रमण नहीं हटाते हैं तो ऐसे मामलों को विशेष टास्क फोर्स और संबंधित नागरिक एजेंसियों के पास भेजा जाता है. सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत गठित यह टास्क फोर्स MCD, DDA और दिल्ली पुलिस समेत अन्य एजेंसियों के साथ मिलकर कार्रवाई करती है.

बिजली के तारों से कितनी दूरी जरूरी?

केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण के सुरक्षा नियमों के मुताबिक बिजली की लाइनों से निर्माण की न्यूनतम दूरी तय की गई है. 650 वोल्ट तक की लाइन से 2.5 मीटर की ऊर्ध्वाधर और 1.2 मीटर की क्षैतिज दूरी जरूरी है. 650 वोल्ट से 11 केवी तक की लाइन से 3.7 मीटर की ऊर्ध्वाधर और 1.2 मीटर की क्षैतिज दूरी रखनी होगी. 11 केवी से 33 केवी तक की लाइन से 3.7 मीटर की ऊर्ध्वाधर और 2 मीटर की क्षैतिज दूरी जरूरी है. 33 केवी से अधिक क्षमता वाली लाइनों के लिए वोल्टेज के अनुसार अतिरिक्त दूरी के नियम लागू होंगे.

करंट लगने और आग लगने का खतरा

BSES का कहना है कि बिजली की लाइनों के बेहद करीब निर्माण होने से करंट लगने, बिजली की आग, शॉर्ट सर्किट और जानलेवा हादसों का खतरा रहता है. इससे बिजली के उपकरणों और नेटवर्क को भी नुकसान पहुंच सकता है. इसके अलावा ट्रांसफॉर्मर और सबस्टेशनों तक कर्मचारियों की पहुंच बाधित होने से मरम्मत और आपातकालीन काम में परेशानी होती है.

सुरक्षा के लिए BSES उठा रही ये कदम

बिजली हादसों को रोकने के लिए कंपनी कुछ संवेदनशील इलाकों में खुले बिजली के तारों को भूमिगत केबल में बदल रही है. इसके अलावा संवेदनशील स्थानों पर इंसुलेटेड डीडी फ्यूज लगाए जा रहे हैं. लोहे के बिजली के खंभों पर इंसुलेशन पेंट किया जा रहा है और बिजली की लाइनों में करंट लीकेज की नियमित जांच की जा रही है. BSES लोगों को जागरूक करने के लिए नुक्कड़ नाटक, घरघर अभियान, स्कूलों और RWA में जागरूकता कार्यक्रम भी चला रही है.

कंपनी ने लोगों से अपील की है कि बिजली की लाइनों के पास निर्माण या खुदाई करने से पहले संबंधित कार्यालय से अनुमति और तकनीकी सलाह जरूर लें. बिजली के तारों, खंभों या अन्य उपकरणों को खुद छूने अथवा हटाने की कोशिश न करें.

यहां करें शिकायत

बिजली के तारों के पास असुरक्षित निर्माण, अतिक्रमण या किसी अन्य बिजली संबंधी खतरे की शिकायत BSES के 24 घंटे चालू हेल्पलाइन नंबरों पर की जा सकती है. दक्षिण और पश्चिम दिल्ली 19123. पूर्वी और मध्य दिल्ली19122 इसके अलावा BSES की वेबसाइट www.bsesdelhi.com या संबंधित डिवीजन कार्यालय में भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है.