शिमला। हिमाचल प्रदेश में सरकारी नौकरी की आस लगाए बैठे बेरोजगार युवाओं के लिए एक ऐसी भर्ती नीति सामने आई है, जिसके नियम जानकर अभ्यर्थियों के मन में कई सवाल खड़े हो सकते हैं। प्रदेश की सुक्खू सरकार तकनीकी शिक्षण संस्थानों में शिक्षकों के खाली पद भरने जा रही है। इसके लिए बाकायदा प्रतियोगी परीक्षा आयोजित होगी, चयन प्रक्रिया से गुजरना होगा और तमाम निर्धारित योग्यताएं पूरी करने के बाद ही नौकरी मिलेगी। लेकिन इस भर्ती की सबसे चौंकाने वाली शर्त यह है कि नौकरी स्थायी नहीं होगी, बल्कि अधिकतम पांच साल के लिए ही मिल सकेगी। पांच साल पूरे होते ही सेवाएं स्वतः समाप्त हो जाएंगी। यानी प्रतियोगी परीक्षा पास करने और नौकरी हासिल करने के बाद भी युवाओं के सामने भविष्य की स्थिरता को लेकर अनिश्चितता बनी रहेगी। 

नौकरी के लिए प्रतियोगी परीक्षा, भविष्य की गारंटी नहीं

दरअसल, हिमाचल प्रदेश सरकार ने सरकारी तकनीकी शिक्षण संस्थानों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए एंगेजमेंट पॉलिसी-2026 अधिसूचित की है। इस नीति के तहत आईटीआई, पॉलिटेक्निक, इंजीनियरिंग और फार्मेसी संस्थानों में विभिन्न शिक्षण पदों पर अस्थायी नियुक्तियां की जाएंगी। भर्ती हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग के माध्यम से खुली प्रतियोगी परीक्षा के आधार पर होगी। यानी अभ्यर्थियों को भी अन्य सरकारी भर्तियों की तरह चयन प्रक्रिया से गुजरना होगा। लेकिन चयनित होने के बावजूद उन्हें नियमित सरकारी कर्मचारी का दर्जा नहीं मिलेगा। नियुक्तियां अस्थायी और गैर-कैडर आधार पर होंगी।

 

यह भी पढ़े :

पांच साल बाद अपने आप खत्म हो जाएगी नौकरी

इस भर्ती नीति का सबसे महत्वपूर्ण और युवाओं के लिए चिंता का विषय बनने वाला प्रावधान नियुक्ति की अवधि है। इसके तहत चयनित अभ्यर्थियों को शुरुआत में केवल एक साल के लिए नियुक्त किया जाएगा। इसके बाद संस्थान की जरूरत और शिक्षक के प्रदर्शन को देखते हुए निदेशक तकनीकी शिक्षा वर्ष दर वर्ष सेवा विस्तार दे सकेंगे। हालांकि, यह अवधि किसी भी स्थिति में पांच साल से अधिक नहीं होगी। पांच साल पूरे होने के बाद शिक्षक की सेवाएं स्वतः समाप्त हो जाएंगी।

हर साल होगा 100 नंबरों पर मूल्यांकन

इस नीति में एक और अहम शर्त रखी गई है। चयनित शिक्षकों के कामकाज का हर साल 100 अंकों के आधार पर मूल्यांकन किया जाएगा। इसमें शिक्षण गुणवत्ता, प्रयोगशाला प्रबंधन, अनुशासन और समय की पाबंदी जैसे पहलुओं को शामिल किया गया है। इस मूल्यांकन में 70 या उससे अधिक अंक हासिल करने वाले शिक्षक ही सेवा विस्तार के पात्र होंगे। वहीं, 50 से 69 अंक प्राप्त करने वालों को सुधार का अवसर दिया जाएगा, जबकि 50 से कम अंक मिलने पर उनकी सेवाएं समाप्त की जा सकती हैं। हालांकि, यह स्पष्ट करना जरूरी है कि यह हर साल होने वाली लिखित प्रतियोगी परीक्षा नहीं, बल्कि नौकरी के दौरान कार्य प्रदर्शन का मूल्यांकन होगा। 

 

नियमितीकरण का दावा भी नहीं कर सकेंगे अभ्यर्थी

सरकार की इस नीति में सबसे बड़ी शर्त यह भी है कि चयनित शिक्षकों को भविष्य में नियमितीकरण या किसी दूसरे नियमित पद पर समायोजन का अधिकार नहीं होगा। यानी पांच साल तक सेवाएं देने के बाद भी अभ्यर्थी नियमित सरकारी कर्मचारी बनाए जाने का दावा नहीं कर सकेंगे। उन्हें नियमित कर्मचारियों की तरह वेतनमान और भत्ते भी नहीं मिलेंगे, बल्कि सरकार की ओर से निर्धारित मासिक मानदेय दिया जाएगा। 

10 दिन के नोटिस पर खत्म हो सकती है नौकरी

एंगेजमेंट पॉलिसी में नियुक्ति समाप्त करने के प्रावधान भी निर्धारित किए गए हैं। इसके तहत शिक्षक या सक्षम प्राधिकारी 10 दिन का लिखित नोटिस देकर नियुक्ति समाप्त कर सकते हैं। इसके स्थान पर 10 दिनों के बराबर मानदेय देकर भी सेवाएं खत्म की जा सकती हैं। वहीं, फर्जी दस्तावेज, कदाचार या असंतोषजनक प्रदर्शन जैसे मामलों में उचित सुनवाई का अवसर देने के बाद तत्काल सेवाएं समाप्त करने का प्रावधान भी रखा गया है।

 

21 से 45 साल तक के युवा कर सकेंगे आवेदन

इस भर्ती नीति के तहत आवेदन करने के लिए अभ्यर्थियों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 45 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी। भर्ती में आरक्षण रोस्टर का पालन भी किया जाएगा। हालांकि, इस व्यवस्था के तहत कोई नया नियमित सरकारी पद सृजित नहीं होगा। तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग के तहत सहायक शिल्प अनुदेशक, सहायक व्याख्याता और जूनियर प्रोफेसर जैसे पदों पर संस्थानों की जरूरत के अनुसार नियुक्तियां की जाएंगी।

छुट्टियों और अन्य सुविधाओं का भी किया प्रावधान

हालांकि, अस्थायी नियुक्तियों के बावजूद सरकार ने शिक्षकों को कुछ सुविधाएं देने का प्रावधान भी किया है। इन्हें नियमित कर्मचारियों की तरह सामान्य अवकाश नहीं मिलेगा, लेकिन संस्थान प्रमुख उचित कारण होने पर 12 महीने में अधिकतम नौ दिन की अनुपस्थिति की अनुमति दे सकेंगे। इस अवधि के दौरान मानदेय में कटौती नहीं होगी। इसके अलावा सरकारी काम से यात्रा करने पर टीए-डीए, कानून के तहत पात्रता के अनुसार मातृत्व और पितृत्व लाभ तथा पात्र अभ्यर्थियों को हिमकेयर या आयुष्मान भारत योजना का लाभ भी मिल सकेगा।

 

 

तीन साल तक लागू रहेगी नई भर्ती नीति

सरकार की ओर से अधिसूचित एंगेजमेंट पॉलिसी-2026 अधिसूचना जारी होने की तारीख से तीन साल तक प्रभावी रहेगी। इसका उद्देश्य प्रदेश के तकनीकी शिक्षण संस्थानों में शिक्षकों की कमी को दूर करना और प्रतियोगी परीक्षा के माध्यम से योग्य अभ्यर्थियों का चयन करना बताया गया है। लेकिन इस व्यवस्था में पांच साल की अधिकतम सेवा अवधि, नियमितीकरण पर रोक और सालाना प्रदर्शन मूल्यांकन जैसी शर्तें इसे सामान्य सरकारी भर्ती से अलग बनाती हैं।

 

बेरोजगार युवाओं के मन में उठेंगे कई सवाल

हिमाचल प्रदेश में हजारों युवा वर्षों से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं। ऐसे में प्रतियोगी परीक्षा पास करने के बाद भी केवल पांच साल की अधिकतम नौकरी और उसके बाद स्वतः सेवा समाप्त होने का प्रावधान निश्चित तौर पर चर्चा का विषय बनेगा। युवाओं के सामने सवाल यह है कि जब भर्ती प्रक्रिया नियमित सरकारी नौकरियों की तरह प्रतियोगी परीक्षा के माध्यम से ही होगी तो नियुक्ति की अवधि इतनी सीमित क्यों रखी गई है? क्या पांच साल की अस्थायी नौकरी युवाओं को आर्थिक और पारिवारिक सुरक्षा दे पाएगी? फिलहाल सरकार की नई नीति ने तकनीकी शिक्षण संस्थानों में भर्ती का रास्ता तो खोल दिया है, लेकिन नौकरी की स्थिरता और भविष्य की सुरक्षा को लेकर बेरोजगार युवाओं के बीच बहस भी शुरू हो सकती है।