पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को दोषी बब्बर खालसा के आतंकवादी बलवंत सिंह राजोआना की याचिका पर फैसला सुरक्षित रख लिया. राजोआना ने इस मामले में मिली मौत की सजा को उम्र कैद में बदलने की मांग की है. उसने यह दलील दी है कि 2012 से राष्ट्रपति के पास लंबित उसकी दया याचिका पर विचार करने में देरी हुई है. इस मामले की सुनवाई जस्टिस विक्रम नाथ, जस्टिस संदीप मेहता और जस्टिस अपरेश कुमार सिंह की बेंच ने की, जिन्होंने फैसले को सुरक्षित रख लिया.

राजोआना के एडवोकेट मुकुल रोहतगी ने दलील दी कि सुप्रीम कोर्ट के मई 2023 के फैसले, जिसमें उस समय उसकी मौत की सजा कम करने से मना कर दिया गया था, उसने सही समय पर दया याचिका पर विचार करने के लिए सक्षम अथॉरिटी को आजाद छोड़ दिया था. हालांकि उन्होंने कहा कि तब से लगभग साढ़े तीन साल बीत चुके हैं और कोई फैसला नहीं आया है. रोहतगी ने राजोआना के लगभग 30 साल जेल में रहने का भी जिक्र किया और कहा कि इस देरी से संविधान के आर्टिकल 21 के तहत उनके अधिकारों पर असर पड़ रहा है.

ASG ने राजोआना की याचिका का किया विरोध

वहीं, एडिशनल सॉलिसिटर जनरल केएम नटराज ने राजोआना की याचिका का विरोध किया और कहा कि उसने खुद दया याचिका फाइल नहीं की है बल्कि यह रिप्रेजेंटेशन किसी दूसरे व्यक्ति की तरफ से आया है. उन्होंने कहा कि आर्टिकल 21 का इस्तेमाल किसी और की दया याचिका के आधार पर नहीं किया जा सकता.

केएम नटराज ने ट्रायल के दौरान बलवंत सिंह राजोआना के उन बयानों का भी जिक्र किया, जिसमें उसने संविधान और न्याय व्यवस्था पर भरोसा न होने की बात कही थी. उन्होंने कहा कि अब वह संवैधानिक नियमों का हवाला देकर राहत नहीं मांग सकते. उन्होंने आगे कहा कि पंजाब के हालात, जिन पर कोर्ट ने अपने पहले के फैसले में विचार किया था, उनमें कोई बड़ा बदलाव नहीं आया है.

2007 में राजोआना को सुनाई गई थी मौत की सजा

बलवंत सिंह राजोआना को पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या में उसकी भूमिका के लिए दोषी ठहराया गया था, जो 31 अगस्त, 1995 को चंडीगढ़ में पंजाब सिविल सेक्रेटेरिएट के एंट्रेंस पर एक बम ब्लास्ट में मारे गए थे. उनके साथ 16 और लोग भी थे. एक स्पेशल कोर्ट ने जुलाई 2007 में राजोआना को मौत की सजा सुनाई थी. इसके बाद पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने 12 अक्टूबर 2010 को उसकी सजा और दोषसिद्धि को बरकरार रखा था.