भारत में स्वदेशी AI को लेकर एक नई बहस चल रही है. स्वदेशी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को लेकर देशभर में चल रही तमाम चर्चा के बीच सरकार ने बड़ा बयान दिया है. इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय यानी MeitY के सचिव एस. कृष्णन ने साफ किया है कि Sarvam AI ने इंडियाएआई मिशन की सहायता का कोई गलत इस्तेमाल नहीं किया है. साथ ही उन्होंने स्टार्टअप्स के लिए कमाई के मॉडल, चिप सप्लाई और नई सरकारी प्लानिंग को लेकर भी बातें कहीं हैं.

भारत के स्वदेशी AI मॉडल Sarvam AI को लेकर सरकार का कहना है कि कंपनी ने IndiaAI Mission के तहत मिली सरकारी मदद का गलत इस्तेमाल नहीं किया है. कंपनी इस सहायात से AI मॉडल तैयार करने के साथ ही अपनी कमाई का रास्ता भी तैयार कर रही है. MeitY के सचिव ने यह बात कही है. सचिव एस. कृष्णन ने कहा कि AI कंपनियों को अपने प्रोडक्ट और सर्विस चलाने के लिए कमाई का मॉडल भी बनाना होता है.
कृष्णन चैरियट वन के लॉन्च इवेंट में मीडिया से बात कर रहे थे, इसी दौरान उन्होंने कहा कि Sarvam AI ने IndiaAI Mission के मदद से 105 अरब पैरामीटर वाला AI मॉडल बनाया है. इसके साथ ही कंपनी ने कई दूसरे मॉडल भी तैयार किए हैं और अब इससे भी बड़े मॉडल बनाने पर कंपनी काम कर रही है.
AI सर्विस के लिए तैयार कर रही अलग प्लेटफॉर्म
सचिव एस. कृष्णन ने कहा कि कंपनी एक ऐसा प्लेटफॉर्म भी बना रही है, जहां अपने मॉडल के साथ दूसरे ओपन सोर्स और ओपन वेट AI मॉडल को शामिल किया जाएगा. इसका उद्देश्य भारत में आम यूजर्स और बिजनेसमैन को AI सर्विस उपलब्ध कराना है. सचिव कृष्णन के अनुसार सरकार को Sarvam ने पहले ही इस प्लेटफॉर्म की योजना के बारे में सूचना दी थी.
उन्होंने बताया कि IndiaAI Mission के तहत बड़े AI मॉडल बनाना और दूसरी तरफ कस्टमर्स को AI सर्विस देना, दोनों दो अलग तरह के काम हैं. इन दोनों कामों के बीच कोई विरोधाभास नहीं है. उन्होंने कहा कि AI कंपनियों को लंबे समय तक काम जारी रखने के लिए कमाई का एक जरिया भी बनाना होता है. कृष्णन ने यह भी कहा कि सरकार के कुछ विभाग भी ओपन सोर्स और ओपन वेट मॉडल पर आधारित सर्विस का उपयोग कर रहे हैं. इसका फायदा यह हो रहा है कि डेटा देश से बाहर नहीं जा रहा है. उन्होंने इसके साथ ही यह भी कहा कि अब तक मिले एक्सपीरियंस के आधार पर सरकार को Sarvam AI की तरफ से सरकारी मदद के गलत इस्तेमाल का कोई मामला नहीं दिखा है.
सिर्फ NVIDIA पर निर्भर नहीं IndiaAI Mission
AI चिप और कंप्यूटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर भी कृष्णन ने स्थिति साफ की. उन्होंने कहा कि IndiaAI Mission किसी एक चिप बनाने वाली कंपनी पर ही निर्भर नहीं है. इसके तहत NVIDIA के साथ ही AMD और TPU जैसे दूसरे प्लेटफॉर्म को भी जगह दी गई है. अमेरिका की तरफ से एडवांस चिप के निर्यात पर लगाए गए प्रतिबंधों का भारत पर खास असर पड़ने की चिंता भी उन्होंने नहीं जाहिर की. सचिव एस. कृष्णन ने के अनुसार भारत को एक भरोसेमंद साझेदार के रूप में देखा जा रहा है.
कृष्णन ने बताया कि सरकार अब स्टार्टअप को GPU की सहायता सिर्फ AI मॉडल की ट्रेनिंग तक सीमित नहीं रखना चाहती. इसे इन्फरेंस तक बढ़ाने पर विचार हो रहा है.
क्या है मामला
इस पूरे मामले की शुरुआत Sarvam AI के एक नए AI प्लेटफॉर्म Token Factory को लेकर उठे सवालों से हुई. स्वदेशी AI कंपनी Sarvam AI को IndiaAI Mission के तहत मिली सरकारी मदद को लेकर सवाल उठे थे. Sarvam AI ने अपने AI प्लेटफॉर्म पर चीन के DeepSeek और दूसरे विदेशी मॉडल भी उपलब्ध कराए हैं. इस पर सवाल था कि स्वदेशी AI विकसित करने के लिए मिली सरकारी सहायता का इस्तेमाल कहीं कमर्शियल सर्विस में तो नहीं हो रहा है.



