अगर किसी को रात 12 बजे जन्मदिन की बधाई देनी है या तड़के सुबह कुछ मैसेज करना है, तो अब आपको नींद खराब करने की बिल्कुल भी जरूरत नहीं है. मैसेजिंग ऐप WhatsApp ने आपके काम को आसान बना दिया है. इसके लिए WhatsApp ने 25 नवंबर को भारत समेत कई दूसरे देश के लिए मैसेज शेड्यूल फीचर रोल आउट कर दिया है.

WhatsApp का मैसेज शेड्यूल फीचर बहुत ही काम है. इस फीचर की सहायता से आप पहले ही मैसेज लिखकर उसका समय फिक्स कर सकते हैं और WhatsApp उसे अपने आप भेज देगा. लेकिन यह सुविधा अभी सभी यूजर्स तक नहीं पहुंची है और धीरेधीरे रोलआउट हो रही है.

सुविधा के नजरिए से यह फीचर काम का है, लेकिन हर नए फीचर की तरह इसके भी कुछ ऐसे पहलू हैं, जिन पर ध्यान देना जरूरी हो गया है. जरा सोचिए, आपने किसी को कोई मैसेज भेजने का टाइम फिक्स कर दिया और बाद में हालात बदल गए. ऐसे में बिना फिर से चेक किए भेजा गया मैसेज आपके लिए समस्या का कारण बन सकता है. आइए जानते हैं इसके फायदे और 5 बड़े नुकसान.

पहले जान लीजिए क्या हैं इस फीचर के फायदे

1. खास मौकों पर नहीं भूलेंगे मैसेज भेजना

किसी दोस्त का जन्मदिन हो, सालगिरह हो या कोई खास मौका आप पहले से ही बधाई का मैसेज तैयार कर सकते हैं. इससे रात में जागकर 12 बजे मैसेज भेजने की जरूरत नहीं पड़ेगी. फिक्स टाइम पर मैसेज अपने आप चला जाएगा.

2. कामकाजी लोगों के लिए भी उपयोगी

अगर आपको किसी ऑफिस के साथी को सुबह कोई जरूरी मैसेज भेजना है या किसी ग्रुप में तय समय पर अपडेट भेजना है, तो इसे पहले से शेड्यूल कर सकेंगे.

3. फोटो और वीडियो भी कर सकेंगे शेड्यूल

इस फीचर में सिर्फ टेक्स्ट ही नहीं, बल्कि फोटो, वीडियो और लिंक भेजने का ऑफ्शन मिलता है. यूजर्स 10 मिनट से लेकर दो हफ्ते तक के लिए मैसेज शेड्यूल कर सकेंगे. खास बात यह है कि तय समय पर मैसेज भेजने के लिए फोन का ऑनलाइन होना भी जरूरी नहीं है.

अब जानिए मैसेज शेड्यूल करने के 5 बड़े नुकसान

1. गलत समय पर चला गया मैसेज तो बिगड़ सकती है बात

मान लीजिए आपने सुबह 8 बजे किसी को कोई मैसेज भेजने के लिए शेड्यूल कर दिया, लेकिन रात में ही उससे जुड़ी परिस्थिति बदल गई. तो अगर आप शेड्यूल मैसेज को समय से कैंसिल नहीं करते हैं, तो वह मैसेज चला जाता है. ऐसे में रिश्तों से लेकर ऑफिस के काम तक, ऐसी छोटी सी चूक गलतफहमी पैदा कर सकती है.

2. पर्सनल चैट में आ सकती है गलतफहमी

कई बार मैसेज सिर्फ जानकारी देने के लिए नहीं, बल्कि अपनी फीलिंग्स शेयर करने के लिए भी भेजे जाते हैं. जन्मदिन या सालगिरह पर भेजा गया ऑटोमैटिक मैसेज सामने वाले को औपचारिक लग सकता है. खासकर तब जब उसे लगे कि आपने उसके लिए समय निकालने के बजाय पहले से एक मैसेज सेट कर दिया था.

3. ये भी हो सकती है परेशानी

आज आपने किसी बात को ध्यान में रखकर मैसेज लिखा, लेकिन हो सकता है कि अगले दिन उसका मतलब ही बदल जाए. समझने के लिए जैसे किसी प्लानिंग को पूछने के लिए मैसेज शेड्यूल किया और बाद में प्लानिंग ही बदल गई. ऐसे में पुराना मैसेज भेजना बेवजह की परेशानी बढ़ा सकता है.

4. जरूरी मैसेज पहुंचने में हो सकती है देरी

हर मैसेज को करना समझदारी नहीं है. कोई जरूरी सूचना है, तो उसे तुरंत भेजना बेहतर है. अगर आपने उसे कुछ घंटों बाद के लिए तय कर दिया और बीच में स्थिति बदल गई, तो सामने वाले तक जानकारी देर से पहुंचेगी. इसका असर आपके काम पर भी पड़ सकता है.

5. बिजनेस और ऑफिस के मैसेज में बढ़ सकता है खतरा

ऑफिस या बिजनेस में गलत व्यक्ति को मैसेज जाना, पुरानी जानकारी भेज देना या गलत समय पर अपडेट पहुंचना कंपनी के इमेज को नुकसान पहुंचा सकता है. कई बार एक छोटी सी गलती से कस्टमर्स भी नाराज हो सकता है. इसलिए ऐसे मैसेज शेड्यूल करने के बाद उनकी जानकारी को फिर से चेक करना जरूरी है.

थर्डपार्टी ऐप से रहें सावधान

एक बात और ध्यान रखने वाली है. WhatsApp का अपना शेड्यूलिंग फीचर और किसी बाहरी ऐप की मदद से मैसेज शेड्यूल करना एक जैसी बात नहीं है. अनजान थर्डपार्टी ऐप को मैसेज, नोटिफिकेशन या दूसरी निजी जानकारी तक पहुंच मिल सकती है. इसलिए किसी भी बाहरी टूल को बिना जांचे इस्तेमाल करना आपकी प्राइवेसी के लिए जोखिम भरा हो सकता है.