मध्यप्रदेश में सरकारी बंगलों पर कब्जा जमाए बैठे पूर्व मंत्रियों, विधायकों और अन्य जनप्रतिनिधियों पर लाखों रुपये का किराया बकाया है. संपदा संचालनालय ने 23 बकायादारों को नोटिस जारी किए हैं, जिनमें कई प्रमुख नाम शामिल हैं. इन पर करीब 10 करोड़ रुपये की राशि बकाया बताई जा रही है. विभाग के मुताबिक, बाकी बकायादारों से भी वसूली की कार्रवाई जारी है.

सबसे ज्यादा बकाया पूर्व मंत्री भदौरिया पर करीब 19 लाख रुपये और प्रज्ञा सिंह पर 18 लाख रुपये से अधिक है. इसके अलावा पूर्व मंत्री और विधायकों पर भी लाखों रुपये का सरकारी आवास किराया बाकी है. कई मामलों में आवास खाली करने के बावजूद बकाया राशि जमा नहीं की गई है. वहीं, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इस वसूली में सरकार पर ढिलाई का आरोप लगाया है.

वहीं, कुछ पूर्व जनप्रतिनिधियों ने बकाया राशि जमा करने की जानकारी नहीं होने की बात कही है. इस बीच टीवी9 नेभोपाल में सरकारी बंगलों के बड़े बकायादारों की एक सूची निकाली है, जिसमें उनके सरकारी बंगले और उनपर बकाया किराया बताई है.

नाम/संस्था बंगला/स्थान बकाया राशि

  • स्व. कैलाश जोशी बी30, चौहत्तर बंगला ₹32 लाख
  • महात्मा गांधी शिक्षण संस्थान बी5, सिविल लाइंस ₹30 लाख
  • योग आयोग शिवाजी नगर 103/283 ₹25.50 लाख
  • अरविंद भदौरिया, पूर्व मंत्री बी20, चौहत्तर बंगला ₹19 लाख
  • विद्या भारती सी13, शिवाजी नगर ₹18 लाख
  • प्रज्ञा सिंह, पूर्व सांसद बी29, चौहत्तर बंगला ₹18 लाख
  • मीना सिंह, पूर्व मंत्री बी27, चौहत्तर बंगला ₹17 लाख
  • प्रभुराम चौधरी, विधायक बी25, चौहत्तर बंगला ₹17 लाख
  • रामपाल सिंह, पूर्व मंत्री सी15, शिवाजी नगर ₹16 लाख
  • अनुराधा शंकर, रिटायर्ड आईएएस बी3, सिविल लाइंस ₹15.50 लाख
  • दिलीप कुमार कुशवाह प्रोफेसर कॉलोनी ₹15 लाख
  • महेंद्र सिंह चौहान, कांग्रेस नेता ₹15 लाख
  • एल. मुरुगन, पूर्व राज्यसभा सांसद बी15, चौहत्तर बंगला ₹13 लाख
  • बहुजन समाज पार्टी डी15, चौहत्तर बंगला ₹9.50 लाख
  • कृष्ण पाल सिंह यादव, पूर्व सांसद ई8/24, चार इमली ₹9 लाख
  • लक्ष्मणदास माहेश्वरी 100/45 ₹4.25 लाख
  • विजय पाल सिंह, पूर्व विधायक डी25, चार इमली ₹5 लाख से अधिक

इन नेताओं पर सरकार की मेहरबानी क्यों कांग्रेस

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इस मामले को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है. उनका कहना है कि एक सामान्य सा सरकारी कर्मचारी अगर अपने सरकारी निवास का बिल जमा नहीं करता है, तो उस पर कार्रवाई हो जाती है. बिजली बिल कोई जमा नहीं करता है तो उसकी संपत्ति जप्त हो जाती है… तो ऐसे में सरकार इन नेताओं पर इतनी कृपा क्यों कर रही है?

दूसरी तरफ जीतू पटवारी से जब हमने पूछा कि क्या आपने अपने सरकारी बदले का किराया जमा किया है? कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने इस सवाल पर कहा वह हमेशा ही अपने सरकारी बंगले का किराया जमा करते हैं. अगर कोई कांग्रेस नेता ने जमा नहीं किया है तो उस पर सरकार अपनी कार्रवाई कर सकती है.