जम्मूकश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षा बलों ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है. इसका परिणाम है कि इस साल घाटी में लोकल युवाओं की आतंकी संगठनों में भर्ती शून्य रही. वहीं, अब पीर पंजाल के उत्तर में सक्रिय करीब 35 पाकिस्तानी आतंकी रडार पर हैं, जो नियंत्रण रेखा पर घुसपैठ की फिराक में हैं. सुरक्षा बलों ने आशंका जताई है कि बर्फबारी से पहले पाकिस्तान इन आतंकियों को भारत में घुसपैठ कराने की कोशिश कर सकता है.

इसी हफ्ते स्थानीय आतंकी लतीफ भट के मारे जाने के बाद घाटी में सक्रिय लोकल आतंकियों का नेटवर्क ध्वस्त हो गया है. इससे अब पाकिस्तान की ओर से आतंकियों की घुसपैठ की आशंका बढ़ गई है. पाकिस्तान हताश में है, क्योंकि प्रॉक्सी वॉर से लड़ने के लिए कोई लोकल टेररिस्ट नहीं बचा है. वहीं, सुरक्षाबलों ने हाल में पाकिस्तान में बैठे आतंकी हैंडलरों की संपत्ति भी अटैच की है.

2018 में 196 स्थानीय युवा आतंकी बने थे

सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, स्थानीय युवाओं के आतंकी संगठनों में शामिल होने के आंकड़ों में पिछले कुछ सालों में लगातार गिरावट दर्ज की गई है. जहां साल 2018 में 196 लोकल युवा आतंकी बने थे, वहीं, इस साल अब तक कोई स्थानीय युवा आतंकी संगठन में शामिल नहीं हुआ है. 37 साल में यह पहली बार, जब कोई लोकल टेररिस्ट नहीं बचा है. जानकारी के मुताबिक, साल 2021 में 146, 2022 में 121, 2023 में 19, 2024 में 4 और 2025 में एक लोकल युवा आतंकी बने थे.

PAK सर्दियों में कर रहा घुसपैठ की तैयारी

स्थानीय युवाओं के आतंकी संगठनों में शामिल नहीं होने से, पाकिस्तान तिलमिलाया हुआ है. नापाक अब सर्दियों में घुसपैठ की तैयारी कर रहा है. पाकिस्तान आतंकी घुसपैठ के लिए शुरू से सर्दियों का ही मौसम चुनते आया है. पाकिस्तान अपने आतंकियों को बर्फ़बारी से दर्रे बंद होने और पहाड़ों के सील होने से पहले अपने ही लाइन ऑफ कंट्रोल के पार भेजने की तैयारी कर रहा है.

पाकिस्तान ने लोकल मददगारों के सफाया होने से बौखलाया है, उसने LoC पर अपने लॉन्चपैड्स को फिर से एक्टिवेट कर दिया है. वह एक नई स्ट्रैटेजी के साथ घुसपैठ की कोशिश में है. बड़े ग्रुप्स के बजाय, लॉन्चपैड्स में अब छोटे, बिखरे हुए ग्रुप्स हैं. हर एक में लश्करएतैयबा या जैशएमोहम्मद के सिर्फ दो से तीन आतंकवादी हैं, जो चुपचाप घुसने का इंतजार कर रहे हैं.

आतंकियों के पूरे सपोर्ट सिस्टम को खत्म करने की तैयारी

सुरक्षा बलों के रडार पर पीर पंजाल के उत्तर में करीब 35 पाकिस्तानी आतंकी हैं. इसको लेकर एजेंसियां सतर्क हैं. आतंकी सर्दियों में जंगल की बेल्ट्स या गुफाओं में छिप जाते हैं. ऐसे में सुरक्षा बलों ने ऊपरी और जंगल वाले इलाकों में कई टेम्पररी ऑपरेटिंग बेस बनाए हैं. आतंकी मूवमेंट को रोकने के लिए दूरदराज, पहाड़ी इलाकों में करीब 100 टेम्पररी ऑपरेटिंग बेस बनाए गए हैं.

साथ ही, सुरक्षा बल आतंकियों के पूरे सपोर्ट सिस्टम को खत्म करने में जूटी है. इसके लिए ऐसे आतंकवादियों की एक लिस्ट तैयार की गई है जो सालों पहले पाकिस्तान भाग गए थे और अब बॉर्डर पार से आतंक को फिर से शुरू करने की कोशिश कर रहे हैं. बीते दिन रियासी में ऐसे 5 आतंकियों के प्रॉपर्टी को जब्त किया गया है, ये अपनी जमीन बेचकर उस पैसे का इस्तेमाल आतंक को फंड करने वाले थे.