Yash Maheshwari Controversy: स्टैंड अप कॉमेडियन यश माहेश्वरी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं. महापर्व छठ का व्रत करने वाली महिलाओं और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से जुड़ी कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर बिहार के बाद अब उनके खिलाफ दिल्ली के थाने में भी एफआईआर दर्ज की गई है. निलोटपाल मृणाल की शिकायत पर यश माहेश्वरी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. शिकायत में आरोप है कि 24 अक्टूबर को साकेत स्थित एक क्लब में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बिहार की महिलाओं, उनकी गरिमा, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं.

शिकायत में कॉमेडियन यश माहेश्वरी, कार्यक्रम के आयोजकों और कॉमेडी क्लब के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है. शिकायतकर्ता ने कार्यक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग, सोशल मीडिया पोस्ट और अन्य डिजिटल सामग्री की जांच की मांग की है. FIR में BNS की धारा 79, 196, 296 और 352 लगाई गई हैं. यह विवाद बिहार की महिलाओं और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बारे में की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों से जुड़ा है.

पुलिस कार्यक्रम और अन्य सबूतों की जांच करेगी

दिल्ली में पुलिस कार्यक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग और अन्य साक्ष्यों की जांच करेगी. इससे पहले कॉमेडियन यश माहेश्वरी के यूट्यूब चैनल के खिलाफ बिहार की राजधानी पटना में भी एक एफआईआर दर्ज की गई थी. मंगलवार को साइबर पुलिस थाने में ये एफआईआर दर्ज की गई थी. पटना साइबर पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया के माध्यम से कथित टिप्पणियों के बारे में पता चला था.

पुलिस ने क्या कहा?

पुलिस ने कहा कि इन टिप्पणियों से महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने, विभिन्न समुदायों के बीच सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और कानूनव्यवस्था की समस्या उत्पन्न होने की आशंका है. बता दें कि मोरली क्वेश्चनेबल के सोशल मीडिया पर वायरल होने बाद इस विवाद की शुरुआत हुई. वीडियो में यश माहेश्वरी बिहार की महिलाओं को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए सुना जा सकता है.

छठ पूजा के दौरान महिलाओं के माथे पर लंबा सिंदूर लगाने को लेकर स्टैंड अप कॉमेडियन की ओर से टिप्पणी की गई थी. कॉमेडियन द्वारा 21 नवंबर को हाइडआउट कॉमेडी क्लब में कार्यक्रम का एक वीडियो क्लिप अपलोड किया गया था. इसी में आपत्तिजनक टिप्पणी की गई थी. बाद में यश माहेश्वरी ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी थी.