जम्मू कश्मीर पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने गुरुवार को ‘शेषनाग ट्रैक प्रोजेक्ट’ के लिए बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन के साथ हुए समझौते को रद्द करने की मांग की. उन्होंने पर्यावरण की दृष्टि से संवेदनशील इस इलाके से भारी मशीनों को तुरंत हटाने को कहा साथ ही साथ उन्होंने कहा कि वह पहले शेषनाग झील को खुद देखेंगी और उसके बाद NGT जाएंगी.

श्रीनगर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए, महबूबा ने उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली सरकार से सवाल किया कि बिना पर्यावरण प्रभाव का आकलन किए इस प्रोजेक्ट को आगे बढ़ने की अनुमति कैसे दी गई. उन्होंने चेतावनी दी कि इस तरह के दखल से शेषनाग झील के नाजुक इकोसिस्टम को भारी नुकसान पहुंच सकता है और यह हजारों करोड़ों लोगों की आस्था से खिलवाड़ हैं, क्योंकि ऐसे कार्यों से पवित्र लिंगम के बनने पर असर पड़ता हैं, जैसे इस साल भी देखने को मिला.

महबूबा बोलीं यह आस्था जुड़ा मामला

महबूबा मुफ्ती ने कहा कि यह मुद्दा न तो राजनीतिक है और न ही धार्मिक, बल्कि यह कश्मीर के पर्यावरण के अस्तित्व और अमरनाथ गुफा जाने वाले लाखों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा है.

3,500 मीटर से अधिक की ऊंचाई पर JCB मशीन तैनात किए जाने पर सवाल उठाते हुए महबूबा ने कहा कि ऐसी भारी मशीनों से इलाके के नाजुक पर्यावरण और ग्लेशियर सिस्टम पर बुरा असर पड़ सकता है.

पिकनिक स्पॉट नहीं है महबूबा मुफ्ती

उन्होंने पूछा, ‘आप वहां अपने हाथों से भी खुदाई नहीं कर सकते, क्योंकि ग्लेशियर का अपना एक सिस्टम होता है. जब आप वहां इतनी बड़ी JCB ले जा रहे हैं, तो क्या आपको अंदाजा है कि इसका पर्यावरण पर क्या असर पड़ेगा?’

शेषनाग को मनोरंजन की जगह के बजाय आस्था का केंद्र बताते हुए उन्होंने कहा, ‘यह आस्था की जगह है, कोई पिकनिक स्पॉट नहीं. अगर आप इसकी झील और पर्यावरण को नष्ट कर देंगे, तो यहां की प्राकृतिक संरचना कैसे बनी रहेगी?’

उमर अब्दुल्ला सरकार से किया सवाल

महबूबा ने यह भी सवाल किया कि चुनी हुई सरकार ने पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रभावों का आकलन किए बिना इस प्रोजेक्ट को मंजूरी कैसे दे दी. उन्होंने कहा, ‘मुझे हैरानी है कि उन्होंने बिना पर्यावरण आकलन के ऐसा कैसे होने दिया. चुनी हुई सरकार को इसके पर्यावरणीय प्रभावों का आकलन करना चाहिए था.’ समझौते को रद्द करने और उसे सार्वजनिक करने की मांग करते हुए, उन्होंने कहा कि सरकार को इस समझौता ज्ञापन की शर्तों को सार्वजनिक करना चाहिए.

उन्होंने पूछा, ‘आपने BRO के साथ जो समझौता ज्ञापन साइन किया है, उसे रद्द करें और सार्वजनिक करें. इसे सबके सामने आने दें. आपने किस बात पर हस्ताक्षर किए हैं और इस समझौते की शर्तें क्या हैं?’

पूछा JCB इतनी ऊंचाई तक कैसे पहुंच गई

PDP अध्यक्ष ने पर्यावरण विशेषज्ञों और जन प्रतिनिधियों के साथ उस जगह का दौरा करने की अनुमति भी मांगी. उन्होंने संबंधित मंत्री द्वारा वहां के दौरे के बाद इस परियोजना को दी गई कथित ‘क्लीन चिट’ पर भी सवाल उठाए.

उन्होंने कहा, ‘अगर उनके पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है, तो हमें वहां जाने दें. पर्यावरण विशेषज्ञों और अन्य लोगों को भी वहां आने दें. हम खुद देखना चाहते हैं कि वहां क्या हो रहा है और JCB इतनी ऊंचाई तक कैसे पहुंच गई.’

जन प्रतिनिधियों की एक टीम गठित करने की मांग

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से हस्तक्षेप की अपील करते हुए महबूबा ने स्थिति का जायजा लेने के लिए पर्यावरण विशेषज्ञों और जन प्रतिनिधियों की एक टीम गठित करने की मांग की.

उन्होंने यह भी मांग की कि जब तक पर्यावरणीय चिंताओं की पूरी तरह से जांच नहीं हो जाती, तब तक वहां से भारी मशीनरी हटाई जाए और काम रोक दिया जाए. उन्होंने कहा, ‘जम्मूकश्मीर को बचाना, शिवलिंग को बचाना, अमरनाथ यात्रा को बचाना और शेषनाग झील को बचाना उनकी जिम्मेदारी है.’