सुप्रीम कोर्ट ने आम आदमी पार्टी के पूर्व विधायक नरेश बाल्यान को जमानत दे दी है. उन पर महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गेनाइज्ड क्राइम एक्ट यानी मकोका के तहत मामला दर्ज था.जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस अपारेश सिंह की बेंच ने मामले की सुनवाई की. बेंच ने कहा है कि बाल्यान को मुकदमे की कार्यवाही में पूरा सहयोग करना होगा. ऐसा नहीं करने पर जमानत का आदेश वापस ले लिया जाएगा. नरेश बाल्यान पर आरोप है कि उनके संबंध फरार गैंगस्टर कपिल सांगवान की गैंग से है.

सांगवान और उसके साथी जबरन वसूली, धमकियां देने, गोलीबारी करने और संपत्तियां हड़पने के कई मामलों में शामिल रहे हैं. यह सिंडिकेट व्यापारियों और प्रॉपर्टी डीलरों को धमकी देकर उनसे जबरन वसूली करता था. प्रॉपर्टी मालिकों को कम कीमत पर अपने प्लॉट बेचने के लिए मजबूर करने के लिए भी धमकियां दी जाती थीं. पहले दिल्ली हाई कोर्ट ने बाल्यान की जमानत याचिका खारिज कर दी थी. अदालत को प्रथम दृष्टया बाल्यान का सिंडिकेट के साथ संबंध नजर आया था.
कोर्ट ने पूछे सवाल
सुप्रीम कोर्ट में नरेश बाल्यान की तरफ से वरिष्ठ वकील विकास सिंह पेश हुए. उन्होंने कहा कि दो गवाहों ने बयान बदल दिए हैं. उन्होंने दलील देते हुए कहा कि बाल्यान ने खुद गैंगस्टर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी और धमकियों के बाद उन्हें पुलिस की सुरक्षा भी मिली थी.
अब पर कोर्ट ने अभियोजन पक्ष से पूछा कि आप एक चुने हुए सदस्य के पीछे क्यों पड़े हैं. इस पर एडिशनल सॉलिसिटर जनरल राजा ठाकरे ने कहा कि यहां मुख्य फोकस सिंडिकेट पर है. उनके खिलाफ कुल 19 मामले दर्ज हैं. बाल्यान को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने 4 दिसंबर 2024 को मकोका की धारा 3 और 4 के तहत दर्ज एक FIR के सिलसिले में गिरफ्तार किया था.
हाई कोर्ट ने नहीं दी थी जमानत
दिल्ली हाई कोर्ट से झटका मिलने के बाद नरेश बाल्यान सुप्रीम कोर्ट पहुंचे थे. उनकी जमानत याचिका दो बार ट्रायल कोर्ट से भी खारिज हो गई थी. बालियान ने हाई कोर्ट के सामने दलील दी थी कि उन पर मकोका लगाना कानूनी रूप से सही नहीं है. लेकिन हाई कोर्ट ने कहा था कि ऐसे पर्याप्त सबूत मौजूद हैं, जो बाल्यान के साथ सिंडिकेट के कथित संबंध को दर्शाते हैं.
हाई कोर्ट ने यह भी कहा था कि भले ही बाल्यान को त्वरित सुनवाई का अधिकार है, लेकिन केवल इसलिए उन्हें जमानत नहीं दी जा सकती कि वह लंबे समय तक हिरासत में रहे हैं. अदालत ने कहा कि खासकर तब जब मकोका जैसे प्रावधान लागू हों.
दीपक सिंगला को भी राहत
आम आदमी पार्टी के नेता और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आरोपी दीपक सिंगला को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है. सुप्रीम कोर्ट ने सिंगला को जमानत दे दी है. वह बैंक लोन फ्रॉड और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले में जेल में बंद है.
दीपक सिंगला को आम आदमी पार्टी के सक्रिय नेताओं में गिना जाता है और वह विश्वास नगर विधानसभा सीट से पार्टी उम्मीदवार भी रह चुके हैं. इससे पहले साल 2024 में भी ईडी ने उनके ठिकानों पर छापेमारी की थी. हालांकि, मौजूदा कार्रवाई को लेकर अब तक दीपक सिंगला की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.



