फिल्म और वेब सीरीज की शूटिंग के लिए कानपुर के पुराने मोहल्ले अब निर्माताओं और निर्देशकों को खूब भा रहे हैं. शहर की पुरानी गलियां, मकानों की बनावट, बरामदे, आंगन और ब्रिटिश दौर की वास्तुकला फिल्मों को ऐसा माहौल दे रही है, जिसे तैयार करने के लिए बड़ेबड़े सेट बनाने की जरूरत नहीं पड़ती. यही वजह है कि बीते सात वर्षों में कानपुर में 38 फिल्में और वेब सीरीज तथा 35 टीवी सीरियल शूट किए जा चुके हैं.

हाल के दिनों में नवाजुद्दीन शेखावत की फिल्म ‘नाइट स्काई है’, वरुण धवन की फिल्म ‘ब्रेकडाउन’ और मनोज बाजपेयी की फिल्म ‘गांधी एंड माय मदर’ के कई दृश्य शहर के अलगअलग मोहल्लों में फिल्माए गए हैं. इन दिनों बॉलीवुड अभिनेता सनी कौशल और अभिनेत्री बिपाशा बसु की वेब सीरीज ‘स्क्रैब’ की शूटिंग भी शहर में चल रही है.
फिल्मों की शूटिंग के लिए कानपुर को पसंद किए जाने की एक बड़ी वजह यहां का पुराना शहरी परिवेश है. खासकर ब्रिटिश शासनकाल में विकसित हुए मोहल्लों के मकान, गलियां और इमारतें आज भी काफी हद तक अपने पुराने स्वरूप में मौजूद हैं. ऐतिहासिक पृष्ठभूमि वाली फिल्मों में उस दौर की वास्तुकला, रहनसहन और परिवेश को दिखाने के लिए ऐसी जगहें काफी उपयोगी साबित होती हैं.
फिल्म निर्माताओं के लिए कानपुर की लोकेशन केवल खूबसूरत दृश्य उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि बजट के लिहाज से भी काफी मुफीद हैं. पुराने मकानों और मोहल्लों में शूटिंग करने से सेट तैयार करने पर होने वाला खर्च काफी कम हो जाता है. जहां किसी दूसरी जगह फिल्म का सेट बनाने में भारी रकम खर्च करनी पड़ सकती है, वहीं कानपुर में वास्तविक लोकेशन पर शूटिंग से यह खर्च लगभग आधा तक रह सकता है.
इसके अलावा छोटे शहरों की कहानियों पर आधारित फिल्मों और वेब सीरीज की बढ़ती मांग ने भी ऐसी लोकेशन की जरूरत बढ़ाई है. स्थानीय कलाकार, जूनियर आर्टिस्ट और शूटिंग से जुड़े अन्य संसाधन आसानी से मिलने से प्रोडक्शन टीमों का काम भी आसान हो जाता है.
फिल्मी दुनिया के जानकारों के मुताबिक, आनंदबाग, पीरोड, गांधी नगर, धनकुट्टी और फूलबाग के पुराने मोहल्ले शूटिंग के लिए खास पसंद किए जाते हैं. लाल इमली रोड और जाजमऊ की पुरानी टेनरियां भी फिल्म निर्माताओं को आकर्षित करती हैं. कई निर्देशकों को इन इलाकों की वास्तविक बनावट ऐसी कहानियों के लिए उपयुक्त लगती है, जिनका घटनाक्रम किसी पुराने दौर या छोटे शहर की जिंदगी से जुड़ा हो.
आनंदबाग में आठ अक्टूबर को ‘गांधी एंड माय मदर’ की शूटिंग हुई थी. इससे पहले निर्देशक मीरा राय की वेब सीरीज ‘ए सूटेबल बॉय’ की शूटिंग भी आनंदबाग में चार दिन तक चली थी. बताया जाता है कि लोकेशन देखने के बाद निर्देशक ने तुरंत यहां शूटिंग करने की इच्छा जताई थी. पहले शूटिंग के लिए लखनऊ को अधिक प्राथमिकता मिलती थी, लेकिन वहां बढ़ती प्रोडक्शन लागत के बीच कानपुर के पुराने मोहल्ले अब फिल्म टीमों को एक बेहतर विकल्प दे रहे हैं. शहर की गलियां धीरेधीरे पर्दे पर पुराने भारत और छोटे शहरों की कहानियों को जीवंत करने का ठिकाना बन रही हैं.



