Delhi Crime News: दिल्ली के द्वारका स्थित बिंदापुर एक्सटेंशन इलाके में पड़ोसियों के बीच हो रहा झगड़ा शांत कराने की कोशिश एक युवक को जान देकर चुकानी पड़ी. शुक्रवार शाम नशे में धुत एक व्यक्ति ने गुस्से में अपने घर की तीसरी मंजिल से गैस सिलिंडर नीचे फेंक दिया, जो सीधे नीचे खड़े 28 वर्षीय साहिल उर्फ जोजो के सिर पर जा लगा. गंभीर रूप से घायल साहिल को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है.

परिजनों और मौके से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम गली में दो पड़ोसियों के बीच कहासुनी हो रही थी. इसी दौरान साहिल उर्फ जोजो बीचबचाव कर विवाद शांत कराने के इरादे से वहां पहुंचा. आरोप है कि झगड़ा कर रहा शख्स नशे की हालत में था; कुछ देर बाद वह अपने घर की तीसरी मंजिल पर गया और वहां से नीचे गैस सिलिंडर फेंक दिया.
DDU अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
सिलिंडर सीधे साहिल के सिर पर लगा और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा. परिजन उसे तुरंत दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक के चाचा बाबूलाल ने बताया कि शाम करीब छह बजे उन्हें भाई के फोन से घटना की सूचना मिली, जिसके बाद वे ऑफिस बंद कर अस्पताल पहुंचे. पुलिस ने शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपने की बात कही है.
मां से वीडियो कॉल पर बात करते वक्त मची चीखपुकार
साहिल के मामा अशोक ने बताया कि घटना के वक्त साहिल अपनी मां से वीडियो कॉल पर बात कर रहा था. इसी दौरान अचानक फोन पर चीखपुकार मच गई और उसकी मां घबराकर मौके पर पहुंची, जहां पता चला कि सिर पर गैस सिलिंडर गिरने से साहिल गंभीर रूप से घायल हो गया है.
परिवार के मुताबिक, साहिल घर का इकलौता कमाने वाला सदस्य था और साप्ताहिक बाजार में कॉस्मेटिक की दुकान लगाकर परिवार का भरणपोषण करता था. उसके परिवार में पत्नी, डेढ़ साल का बेटा और बुजुर्ग मां हैं, जिनका रोरोकर बुरा हाल है.



