बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में चोरी के एक आरोपी ने पुलिस को ऐसा चकमा दिया कि उसकी सुरक्षा में तैनात तीन पुलिसकर्मियों पर ही कार्रवाई की नौबत आ गई। चोरी की वारदातों की शिनाख्त कराने के दौरान आरोपी पुलिस की निगरानी से फरार हो गया। हालांकि कई घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद पुलिस ने उसे दोबारा गिरफ्तार कर लिया, लेकिन ड्यूटी में कथित लापरवाही बरतने पर तीन पुलिस जवानों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
पंचायती राज चुनाव के दौरान हुई थीं चोरी की वारदातें
जानकारी के अनुसार, घुमारवीं उपमंडल की औहर पंचायत में पंचायती राज चुनाव के दौरान दो घरों में चोरी की घटनाएं सामने आई थीं। इसके अलावा आठ से दस अन्य घरों में चोरी का प्रयास किए जाने की भी शिकायतें मिली थीं। मामले की जांच के दौरान झंडूता पुलिस ने 6 जुलाई को पंजाब के घनौली निवासी सलीम को गिरफ्तार किया था। ये खबर आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे है। पुलिस के अनुसार, वह इन वारदातों का मुख्य आरोपी है।
चोरी की जगहों की शिनाख्त कराने ले गई थी पुलिस
जांच के सिलसिले में पुलिस आरोपी को हीरापुर और भंजवाणी क्षेत्र में चोरी वाले स्थानों की पहचान कराने के लिए लेकर गई थी। ये समाचार आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे है। पुलिस वाहन में चालक सहित कुल चार पुलिसकर्मी मौजूद थे। इसी दौरान भंजवाणी के पास किसी विवाद की सूचना मिलने पर दो पुलिसकर्मी वहां चले गए, जबकि दो जवान आरोपी की निगरानी में लगे रहे।
मौका मिलते ही डांक में कूदकर फरार हुआ आरोपी
इसी बीच आरोपी ने पुलिस की नजरों से बचते हुए पास की डांक में छलांग लगा दी और वहां से फरार हो गया। आरोपी के भागने की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। इसके बाद आसपास के जंगलों और संभावित ठिकानों पर बड़े स्तर पर तलाशी अभियान शुरू किया गया।
कई घंटे की मशक्कत के बाद फिर पुलिस के हत्थे चढ़ा
आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें अलग-अलग इलाकों में जुट गईं। घंटों तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद देर रात पुलिस ने आरोपी को दोबारा गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे कड़ी सुरक्षा के बीच पुलिस हिरासत में रखा गया है।
तीन पुलिसकर्मी निलंबित, जांच जारी
बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने बताया कि आरोपी के फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत तलाश अभियान शुरू कर दिया था और देर रात उसे पकड़ लिया गया। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में ड्यूटी के दौरान लापरवाही सामने आने पर तीन पुलिस जवानों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मामले की विभागीय जांच भी जारी है।



