कांगड़ा/पठानकोट। हिमाचल प्रदेश के डमटाल थाना क्षेत्र से सटे पंजाब के पठानकोट-जालंधर नेशनल हाईवे पर बुधवार सुबह एक तेज रफ्तार निजी स्लीपर बस की चपेट में आने से दर्दनाक हादसा हो गया। दुर्घटना में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक मासूम बच्ची समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ये खबर आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने दुर्घटनाग्रस्त बस में आग लगा दी। पुलिस ने बस चालक को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दिल्ली से जम्मू जा रही थी निजी स्लीपर बस
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब आठ बजे दिल्ली से जम्मू जा रही एक निजी कंपनी की स्लीपर बस गांव कौंतलपुर के मुख्य चौक के पास पहुंची। बताया जा रहा है कि बस तेज रफ्तार में थी और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके चलते हादसा हुआ।
पहले स्कूटी को मारी टक्कर, फिर काफी दूर तक घसीटा
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सबसे पहले बस ने सड़क पर जा रही एक स्कूटी को जोरदार टक्कर मारी। आरोप है कि टक्कर के बाद भी बस नहीं रुकी और स्कूटी को करीब 200 मीटर तक घसीटते हुए आगे बढ़ती रही। इसके बाद बस ने सामने जा रहे दो मोटरसाइकिल सवार युवकों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
दो युवकों की मौके पर मौत, चार घायल
हादसा इतना भीषण था कि दोनों बाइक सवार युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं स्कूटी सवार महिला सहित चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ये समाचार आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे है। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
गुस्साई भीड़ ने बस को किया आग के हवाले
घटना के बाद सड़क पर बिखरे खून और क्षतिग्रस्त वाहनों को देखकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। लोगों ने बस चालक की तेज रफ्तार और कथित लापरवाही को हादसे का कारण बताते हुए बस में आग लगा दी। देखते ही देखते बस धू-धू कर जलने लगी और हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस दौरान दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
फायर ब्रिगेड ने बुझाई आग, पुलिस ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इसके बाद जली हुई बस और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर हाईवे पर यातायात धीरे-धीरे सामान्य कराया गया।
बस चालक गिरफ्तार, जांच जारी
एसएसपी पठानकोट दलजिंदर सिंह ढिल्लों ने बताया कि थाना नंगलभूर में मामला दर्ज कर आरोपी बस चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, यह पता लगाया जा रहा है कि दुर्घटना केवल तेज रफ्तार के कारण हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह भी जिम्मेदार थी। यदि जांच में किसी अन्य की लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



