Dharamshala College 20 Snakes Found: धर्मशाला के राजकीय स्नातकोत्तर कॉलेज परिसर में शुक्रवार को अचानक अफरातफरी का माहौल बन गया. कॉलेज के कॉमर्स ब्लॉक के पास एक साथ 20 रसेल वाइपर सांपों का झुंड दिखाई दिया. कॉलेज प्रशासन ने बिना समय गंवाए तुरंत वन विभाग को इसकी सूचना दी. सूचना मिलते ही वन विभाग की प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम अजय के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और सभी सांपों को सावधानीपूर्वक पकड़कर उनके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया.

जानकारी के मुताबिक, धर्मशाला कॉलेज में कॉमर्स ब्लॉक स्थित ओल्ड हॉल के पास फिजिकल एजुकेशन विभाग के समीप इन सांपों को देखा गया था. विशेषज्ञों के अनुसार, वहां मिली रसेल वाइपर प्रजाति की एक मादा सांप थी, जबकि अन्य 19 उसके छोटे बच्चे थे. कॉलेज जैसे व्यस्त परिसर में इतने सारे जहरीले सांपों का मिलना खतरनाक हो सकता था, लेकिन समय पर की गई कार्रवाई से स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया.

रसेल वाइपर: भारत का सबसे खतरनाक और विषैला सांप

रसेल वाइपर को भारत के सबसे विषैले सांपों में गिना जाता है. इसके विष का सीधा असर इंसानी खून के थक्के बनने की प्रक्रिया और शरीर के मुख्य अंगों पर पड़ता है. विशेषज्ञों का कहना है कि इसके काटने के बाद अगर पीड़ित को तुरंत चिकित्सकीय उपचार न मिले, तो जान जाने का गंभीर खतरा रहता है.

वन विभाग की आम जनता से अपील

घटना के बाद वन विभाग ने लोगों और छात्रों के लिए एडवाइजरी जारी की है. वन विभाग ने अपील की है कि कहीं भी सांप दिखने पर घबराएं नहीं और न ही उसे खुद पकड़ने या मारने का जोखिम उठाएं. क्योंकि इससे आपकी जान खतरे में आ सकती है. सांप दिखने पर सीधे वन विभाग या स्थानीय रेस्क्यू टीम को सूचित करें ताकि प्रशिक्षित टीम सुरक्षित तरीके से उन्हें रेस्क्यू कर सके.