हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले से एक दुखद और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां 36 वर्षीय विवाहिता ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
बताया जा रहा है कि चांदपुर क्षेत्र में पिछले चार दिनों के भीतर आत्महत्या का यह तीसरा मामला है, जिससे स्थानीय लोग भी हैरान और चिंतित हैं।
जानकारी के अनुसार, घटना वाले दिन विवाहिता गरिमा नहाने के बाद घर की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में चली गई थी। उस समय उसका पति विवेक कुमार घर के दूसरे कमरे में मौजूद था।
करीब 15 से 20 मिनट तक जब गरिमा कमरे से बाहर नहीं आई तो पति को चिंता हुई। उसने कमरे के जालीदार दरवाजे से अंदर झांककर देखा तो उसके होश उड़ गए। गरिमा कमरे में छत के पंखे के कुंडे से दुपट्टे का फंदा लगाकर लटकी हुई थी।
पत्नी को इस हालत में देखकर पति ने शोर मचा दिया। आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने तुरंत महिला को नीचे उतारा और इलाज के लिए पास के निजी अस्पताल पहुंचाया।
डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर रेफर कर दिया, लेकिन वहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका की पहचान गरिमा पत्नी विवेक कुमार निवासी गांव क्यारा, डाकघर चांदपुर, तहसील सदर जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
SP बिलासपुर संदीप धवल ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। मृतका के मायके पक्ष के लोगों के बयान दर्ज किए जाएंगे और घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी भेजा गया है।