हिमाचल प्रदेश की बेटियां लगातार अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं। इसी कड़ी में Himachal Pradesh के घुमारवीं उपमंडल के पलसोटी गांव की होनहार बेटी ज्योति शर्मा ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। ज्योति का चयन प्रतिष्ठित ऑल इंडिया एम्स नर्सिंग ऑफिसर पद के लिए हुआ है। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की इस कठिन परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे देश में 22वां रैंक हासिल किया है।
ज्योति शर्मा की इस सफलता से परिवार और पूरे इलाके में खुशी का माहौल है। उनके पिता प्यारे लाल जिला सत्र न्यायालय में सीनियर असिस्टेंट के पद पर कार्यरत हैं, जबकि माता कंचन देवी गृहिणी हैं। परिवार के सदस्यों ने बताया कि ज्योति बचपन से ही पढ़ाई में बेहद मेधावी रही हैं और उन्होंने हमेशा अपने लक्ष्य को लेकर गंभीरता दिखाई।
परिजनों के अनुसार ज्योति ने कठिन मेहनत, अनुशासन और समर्पण के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता की खबर मिलते ही पलसोटी गांव और पूरे घुमारवीं क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में लोग उनके घर पहुंचकर परिवार को बधाई दे रहे हैं।
ग्रामीणों और रिश्तेदारों ने ज्योति की इस उपलब्धि पर गर्व जताते हुए कहा कि उन्होंने न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह आने वाले समय में भी इसी तरह सफलता के नए आयाम स्थापित करेंगी।