मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला से एक डराने वाली घटना सामने आई है। जोगिंद्रनगर उपमंडल के द्राहल क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब स्कूल के पास अचानक रंगड़ों के झुंड ने एक महिला और उसके दो बच्चों पर हमला कर दिया। रंगड़ों के ताबड़तोड़ डंक से तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा। घटना के बाद पूरे इलाके में डर का माहौल बना हुआ है।
बच्चों को स्कूल छोड़ने गई थी मां
जानकारी के अनुसार, मतकेहड़ निवासी 28 वर्षीय संगीता बुधवार सुबह अपने 8 वर्षीय बेटे साहिल और 13 वर्षीय बेटी मुस्कान को द्राहल स्कूल छोड़ने पहुंची थी। बताया जा रहा है कि जैसे ही तीनों स्कूल परिसर के पास पहुंचे, तभी अचानक रंगड़ों का झुंड उन पर टूट पड़ा।
चीख-पुकार से गूंज उठा स्कूल परिसर
रंगड़ों ने महिला और दोनों बच्चों को कई जगह डंक मार दिए। अचानक हुए हमले से स्कूल परिसर में चीख-पुकार मच गई। महिला दर्द से तड़पने लगी, जबकि दोनों बच्चे भी घबराकर रोने लगे। मौके पर मौजूद स्कूल स्टाफ और स्थानीय लोगों ने किसी तरह तीनों को रंगड़ों से बचाया और तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
मां की हालत ज्यादा गंभीर
बताया जा रहा है कि महिला को सबसे ज्यादा डंक लगे हैं, जिसके चलते उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं दोनों बच्चों के शरीर पर भी कई जगह सूजन और घाव हो गए हैं। तीनों का नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर में इलाज चल रहा है।
लोगों में दहशत का माहौल
घटना के बाद इलाके के लोगों में डर और गुस्सा दोनों देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि स्कूलों और रिहायशी इलाकों के आसपास बने रंगड़ों के छत्तों को जल्द हटाया जाए, ताकि भविष्य में कोई बड़ा हादसा न हो।
क्या बोले डॉक्टर?
नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर के SMO डॉ. विकास नाथ ने बताया कि रंगड़ों के हमले में घायल महिला और दोनों बच्चों का उपचार जारी है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।