मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सुंदरनगर से एक बेहद दर्दनाक और भावुक कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां तुनाही मोहल्ला में 30 वर्षीय महिला ने घर के अंदर फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना का सबसे दिल दहला देने वाला पहलू यह रहा कि महिला का तीन साल का मासूम बेटा अपनी मां को फंदे से लटका देख लगातार रोता रहा और उसे उठाने की कोशिश करता रहा।
मृतका की पहचान वनिता पत्नी दिनेश कुमार निवासी बीबीएमबी कॉलोनी तुनाही मोहल्ला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना के समय महिला घर में अपने छोटे बेटे के साथ अकेली थी, जबकि परिवार के अन्य सदस्य किसी जरूरी काम से बाहर गए हुए थे।
जब परिजन वापस घर लौटे तो कमरे के अंदर से बच्चे के लगातार रोने की आवाजें सुनाई दीं। उन्होंने कई बार दरवाजा खटखटाया और आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। कमरे का दरवाजा भीतर से बंद था, जिससे परिवार को अनहोनी की आशंका हुई।
घबराए परिजनों ने तुरंत दरवाजा तोड़ा। अंदर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए। महिला फंदे से लटकी हुई थी और उसका तीन साल का बेटा पास खड़ा जोर-जोर से रो रहा था। स्थानीय लोगों के अनुसार मासूम बार-बार अपनी मां को आवाज लगा रहा था और उसे हिलाकर उठाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन उसे यह समझ नहीं था कि उसकी मां अब इस दुनिया में नहीं रही।
परिजनों ने तुरंत महिला को नीचे उतारा, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
प्रारंभिक जांच में घटना के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है, जबकि मासूम बच्चे की हालत देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं।