Himachal Pradesh के कांगड़ा जिले से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां 12वीं कक्षा में कंपार्टमेंट आने से मानसिक तनाव में चल रही 17 वर्षीय छात्रा ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, जबकि पूरे गांव में मातम का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के मुताबिक मामला Gaggal थाना क्षेत्र के एक गांव का है। हाल ही में घोषित हुए जमा दो के परीक्षा परिणाम में छात्रा की कंपार्टमेंट आई थी, जिसके बाद वह लगातार तनाव में रहने लगी थी। परिजनों का कहना है कि रिजल्ट आने के बाद से वह काफी उदास रहने लगी थी और खुद में ही खोई रहती थी।
बताया जा रहा है कि वीरवार शाम छात्रा ने घर में ही जहरीला पदार्थ निगल लिया। कुछ ही देर में उसकी तबीयत बिगड़ने लगी तो घबराए परिजन उसे तुरंत Dr. Rajendra Prasad Government Medical College लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने उसे बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
जिस बेटी को माता-पिता ने बड़े सपनों के साथ पढ़ाया-लिखाया, उसकी अचानक मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि छात्रा सामान्य स्वभाव की थी और किसी ने भी नहीं सोचा था कि वह इतना बड़ा कदम उठा सकती है।
इस घटना ने एक बार फिर छात्रों पर बढ़ते पढ़ाई और रिजल्ट के दबाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि परीक्षा में उम्मीद के मुताबिक परिणाम न आने पर बच्चों को डांटने के बजाय मानसिक सहारा और हौसला देने की जरूरत होती है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।