कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले से एक बेहद दर्दनाक और शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। जिला मुख्यालय के ढालपुर इलाके में एक नाबालिग छात्रा के साथ उसके दो सहपाठियों ने कमरे में बंद कर सामूहिक दुष्कर्म किया और पूरी घटना को मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया।
पीड़िता ढालपुर स्थित एक कंप्यूटर कोचिंग सेंटर में कोर्स कर रही थी, जहां उसकी नीरज और नोमिश नाम के दो लड़कों से दोस्ती हुई थी। 10 अप्रैल को दोनों आरोपी उसे बहाने से अपने कमरे में ले गए और वहां उसके साथ जबरन यौन दुष्कर्म किया। इतने पर ही नहीं रुके — दोनों ने इस घिनौनी करतूत की वीडियो भी बनाई और उसे इंटरनेट पर वायरल करने की धमकी देकर पीड़िता को चुप रहने पर मजबूर किया।
एक महीने तक डर में जीती रही पीड़िता
वारदात के बाद छात्रा इतनी डर गई कि उसने कोचिंग सेंटर जाना ही बंद कर दिया। करीब एक महीने तक परिजनों के सवालों को वो टालती रही। जब घरवालों ने सख्ती से पूछा, तब उसने रोते हुए मां को पूरी आपबीती सुनाई। बेटी की बात सुनकर परिवार सदमे में आ गया।
POCSO एक्ट के तहत FIR दर्ज
परिजन तुरंत पीड़िता को लेकर पुलिस थाने पहुंचे और दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया। SP कुल्लू मदन लाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़िता नाबालिग होने के कारण FIR में POCSO एक्ट की धारा-6 लगाई गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और हर पहलू को बारीकी से खंगाला जा रहा है।