हिमाचली खबर: झारखंड के पाकुड़ जिले में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की पत्थर से कुचलकर और अपनी बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना बुधवार रात महेशपुर थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपनी 40 वर्षीय पत्नी की कथित तौर पर पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी, क्योंकि उसे शक था कि उसका किसी और के साथ अवैध संबंध है। आरोपी ने अपनी 12 वर्षीय बेटी की भी गला घोंटकर हत्या कर दी।

घर के आंगन से लड़की का शव बरामद
पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम गांव पहुंची और घर के आंगन से लड़की का शव बरामद किया। एसपी ने कहा कि बच्ची का शव बरामद होने के बाद, उस व्यक्ति ने कथित तौर पर पुलिस को सूचित किया कि उसकी पत्नी लापता है, जिसके बाद उसकी तलाश के लिए एक विशेष जांच दल का गठन किया गया।
आरोपी ने कबूली दोनों की हत्या की बात
पुलिस ने कहा कि एसआईटी ने स्थानीय ग्रामीणों के साथसाथ आरोपी से भी पूछताछ की। उसने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी पत्नी की हत्या करने और शव को दफनाने की बात कबूल कर ली। उन्होंने कहा कि बाद में मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में शव को खोद कर निकाला गया।
खून से सना गमछा भी बरामद
पुलिस ने गड्ढा खोदने में इस्तेमाल किया गया फावड़ा, वहां से मिट्टी के नमूने एकत्र करने के साथ ही खून से सना हुआ गमछा भी बरामद किया। पुलिस ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि अवैध संबंध के संदेह के कारण उसने हत्याएं कीं।



