हिमाचली खबर: Jhansi News: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. जिला मुख्यालय से करीब 74 किलोमीटर दूर समथर कस्बे में 1 जून को शादी के महज 15 महीने बाद ही एक 26 वर्षीय विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर लटका मिला. मृतका ने मौत से पहले आखिरी बार देर रात अपने पिता को फोन लगाया था, लेकिन गहरी नींद में होने के कारण पिता कॉल रिसीव नहीं कर सके. सुबह जब पिता की आंख खुली और कॉल बैक करने पर जवाब नहीं मिला, तो उन्होंने दामाद को फोन किया, जिसके बाद बेटी की मौत की खबर सामने आई. पुलिस ने इस मामले में पति सहित ससुराल पक्ष के 5 लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है.

नवाबाद थाना क्षेत्र के पिछोर निवासी विनोद कुमार मिश्रा एक किराना दुकान चलाते हैं. उन्होंने बताया कि उन्होंने अपनी इकलौती बेटी प्रिया की शादी 14 फरवरी 2025 को समथर के नई बस्ती निवासी भरत व्यास से की थी. भरत का अपना मेडिकल स्टोर है और वह किराए पर मैरिज गार्डन भी चलाता है. पिता का आरोप है कि उन्होंने अपनी हैसियत से बढ़कर दहेज दिया था, लेकिन शादी के बाद से ही ससुराल वाले प्रिया को और दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे. पिता ने तीन बार में 5 लाख रुपये नकद और करीब दो से ढाई लाख रुपये ऑनलाइन भी ट्रांसफर किए थे, जिसके रिकॉर्ड उनके पास हैं. इसके बावजूद ससुराल पक्ष की ओर से फिर से 5 लाख रुपये की नई डिमांड की जा रही थी.
देर रात 1:30 बजे आई थी मिसकॉल, सुबह चला मौत का पता
पिता के अनुसार, रविवार रात करीब 11 बजे उनकी बेटी से सामान्य बात हुई थी. इसके बाद सब सो गए. देर रात करीब डेढ़ बजे प्रिया ने दोबारा फोन किया, लेकिन नींद में होने के कारण वे फोन नहीं उठा पाए. सुबह उठकर जब उन्होंने मिसकॉल देखी तो करीब 20 बार कॉल बैक किया, लेकिन प्रिया ने फोन नहीं उठाया. इसके बाद जब दामाद भरत को फोन कर बात कराने को कहा, तो उसने पहले टालमटोल की और आधे घंटे बाद दोबारा फोन करने पर बताया कि प्रिया ने फांसी लगा ली है.
बैठी हुई अवस्था में था शव, ससुराल वाले फरार
फांसी की खबर सुनते ही पिता ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और परिजनों के साथ समथर पहुंचे. वहां का नजारा देखकर सब स्तब्ध रह गए. घर के सभी सदस्य फरार थे और कमरे के अंदर पंखे से प्रिया का शव लटका हुआ था. पिता का आरोप है कि प्रिया के दोनों पैर पूरी तरह बेड पर रखे हुए थे और शव बैठी हुई अवस्था में था, जो हवा में नहीं झूल रहा था. परिजनों का सीधा आरोप है कि प्रिया की गला दबाकर हत्या की गई और मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया गया. फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए, जिसके बाद पुलिस ने शव को नीचे उतारा.
पुलिस ने दर्ज किया दहेज हत्या का मामला
शव का पोस्टमार्टम होने के बाद देर रात मायके पक्ष के लोगों ने ही प्रिया का अंतिम संस्कार किया. पीड़ित पिता ने आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है. समथर थाना प्रभारी अतुल कुमार ने बताया कि पिता की तहरीर के आधार पर पति भरत व्यास, देवर उदय व्यास, सास रोहिणी व्यास, ताऊ राजेश व्यास और मौसी के खिलाफ दहेज हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.



