फिरोजाबाद में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात ने हर किसी को झकझोर दिया. शादी से इनकार मिलने पर एक युवक ने अपने ही मासूम भतीजे बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया.

फिरोजाबाद में सामने आई इस दिल दहला देने वाली घटना ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है. आरोप है कि देवर अपनी भाभी से शादी करना चाहता था, लेकिन जब महिला ने उससे शादी करने से मना कर दिया, तो उसने गुस्से और सनक में डेढ़ साल के मासूम बच्चे को ही निशाना बना लिया. आरोपी बच्चे को टॉफी दिलाने के बहाने अपने साथ ले गया और फिर उसे बेरहमी से जमीन पर पटक-पटककर मौत के घाट उतार दिया.
वारदात के बाद फरार आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लियात. गिरफ्तारी के समय पैर में गोली लगने से घायल आरोपी का वीडियो भी चर्चा में है, जिसमें वह अस्पताल में पानी मांगता नजर आ रहा है.
क्या है मामला?
दरअसल बच्चे की मां रति ने बताया कि उसकी बुआ सास का लड़का उन्हें फोन करता रहता था. वह देवर होने के नाते उससे बात कर लेती थी. फिर एक दिन उसने भाभी से कहा कि वह शादी करना चाहता है, लेकिन पीड़िता ने मना कर दिया. उसे जरा भी अंदाजा नहीं था कि वह उसके इनकार का इस तरह से बदला लेगा.
8 बार जमीन पर बच्चे को पटका
शनिवार के दिन वह जब भाभी से मिलने गया, तो वह उसके बच्चे आरव को टॉफी दिलाने का झांसा देकर अपने साथ ले गया. इसके बाद उसने ऐसी क्रूरता दिखाई, जिसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती. दरिंदे देवर ने बच्चे को आठ बार जमीन में पटक-पटककर उसे मौत के घाट उतार दिया. इस घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.
पुलिस मुठभेड़ में दबोचा गया आरोपी
हत्या के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी. मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस को पता चला कि विराज मैनपुरी रोड स्थित क्षेत्र में छिपा हुआ है. पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की. इस दौरान आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस पर फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देशी तमंचा, कई जिंदा कारतूस और खोखे बरामद किए हैं.
पानी मांगता नजर आया आरोपी
घायल आरोपी को इलाज के बाद हिरासत में ले लिया गया. वहीं, एक वायरल वीडियो में अस्पताल के बेड पर लेटा आरोपी पानी मांगता नजर आ रहा है.



