हिमाचली खबर: देश की राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में एक होटल में भीषण आग लगने से 21 लोगों की मौत हो गई है। होटल में लगी आग को पूरी तरह से बुझा लिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस हादसे पर दुख जताया है। वहीं, पीएमओ की तरफ से हादसे में मारे गए लोगों के परिवार के लिए दो लाख रुपये और घायलों को पचास हजार रुपये की मदद का ऐलान किया गया है। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।

शॉर्ट सर्किट से लग सकती है आग, इन चीजों का इस्तेमाल करते वक्त रखें ध्यान​
शॉर्ट सर्किट से लग सकती है आग, इन चीजों का इस्तेमाल करते वक्त रखें ध्यान​

शॉर्ट सर्किट तब होता है जब बिजली के तार आपस में गलती से जुड़ जाते हैं या कट जाते हैं। इससे बिजली बिना किसी रुकावट के सीधे बहुत तेजी से बहने लगती है। इस अत्यधिक प्रवाह के कारण तार तुरंत बहुत गर्म होकर पिघल जाते हैं, जिससे भयंकर चिंगारी निकलती है और आग लग जाती है। इसके अलावा ओवरलोडिंग, ढीले कनेक्शन और पानी के संपर्क में आने से भी शॉर्ट सर्किट का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में आइए जानते हैं नियमित इस्तेमाल होने वाले बिजली के उपकरण को किस तरह सावधानी से उपयोग करना चाहिए और किन चीजों से शॉर्ट सर्किट का खतरा अधिक रहता है।

लगभग हर घर में पंखा, कूलर, फ्रिज, टीवी, वॉशिंग मशीन, माइक्रोवेव, आयरन और मोबाइल चार्जर जैसे कई बिजली के उपकरण रोजाना इस्तेमाल किए जाते हैं। इस दौरान हम कई चीजों को अनदेखा कर देते हैं। आपकी छोटी सी लापरवाही के चलते शॉर्ट सर्किट, बिजली का झटका या आग लगने जैसी गंभीर दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में इन्हें इस्तेमाल करते वक्त कुछ सावधानी बरतनी जरूरी है।

1 सॉकेट का इस्तेमाल

कई बार लोग एक ही मल्टीप्लग या एक्सटेंशन बोर्ड में कई उपकरण जोड़ देते हैं। सॉकेट पर जब जरूरत से ज्यादा लोड पड़ता है तो तार गर्म होने लगते हैं। अधिक लोड के चलते शॉर्ट सर्किट या आग लगने की संभावना बढ़ जाती है। ऐसे में सॉकेट की क्षमता के अनुसार ही इस्तेमाल करें।

2 तार और प्लग

कई बार खराब तार के चलते भी शॉर्ट सर्किट लगने का खतरा बढ़ जाता है। अगर किसी उपकरण का तार कट गया है, घिस गया है या प्लग ढीला हो गया है, तो उसे बिल्कुल भी नजरंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसी चीजों से स्पार्किंग और शॉर्ट सर्किट का खतरा बढ़ जाता है। इन्हें समय रहते मरम्मत करवा लेना चाहिए या फिर बदल देना चाहिए।

3 उपयोग के बाद बंद करना क्यों जरूरी

अक्सर लोग टीवी, आयरन, गीजर या चार्जर का इस्तेमाल करने के बाद भी प्लग को लगा छोड़ देते हैं। यह गलती भूलकर भी नहीं करनी चाहिए। क्योंकि ये उपकरण लगातार बिजली की खपत करते रहते हैं और गर्म हो सकते हैं। लंबे समय तक ऐसा होने पर ये खराब होने के साथ ही स्पार्क भी कर सकते हैं, जिससे शॉर्ट सर्किट का खतरा बढ़ जाता है।

4 चार्जर इस्तेमाल करने के बाद बंद कर दें स्विच

लगभग हर घर में फोन चार्ज करने के लिए लोग चार्जर का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन फोन चार्ज होने के बाद अक्सर लोग स्विच को बंद करना भूल जाते हैं। लंबे समय तक स्विच ऑन रहने से स्पार्किंग की समस्या हो सकती है और शॉर्ट सर्किट हो सकता है, जिसके चलते आग लगने का खतरा बढ़ जाता है।

5 पानी

पानी के हाथों से कभी भी बिजली के उपकरणों को नहीं छूना चाहिए। खासकर स्विच को कभी गीले हाथों से ऑन या ऑफ नहीं करना चाहिए। इससे करंट लगने का खतरा अधिक रहता है।