हिमाचली खबर: गर्मी के मौसम में आग लगने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। खासकर रेस्टोरेंट, पीजी या फिर मेस में आग लगने का खतरा अधिक रहता है। दरअसल, यहां पर गैस का इस्तेमाल अधिक होता है और थोड़ी सी लापरवाही के चलते आग का खतरा बढ़ जाता है। इसके साथ ही गर्मी के मौसम में शॉर्ट सर्किट के चलते भी आग लगने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। ताजा मामला दिल्ली के मालवीय नगर का है जहां पर एक होटल में शॉर्ट सर्किट के चलते आग लग गई और इसमें 21 लोगों की मौत हो गई।

कई बार घरों में रखा सिलेंडर या फिर शॉर्ट सर्किट के चलते भी आग लग जाती है। ऐसे में जरूरी है कि आप दमकल की गाड़ियों का इंतजार न करें और समय रहते शुरुआती दौर में इसपर काबू पा लें। सेफ्टी के कुछ सामान हैं जिनकी मदद से आप आग को आसानी से बुझा सकते हैं। आइए जानते हैं घर में कौनकौन से आग बुझाने वाले सामान रखने चाहिए।
1 फायर एक्सटिंग्विशर
हर घर में एक छोटा सा फायर एक्सटिंग्विशर रखना चाहिए। ये किचन, एसी या शॉर्ट सर्किट से लगने वाली शुरुआती आग पर जल्दी से काबू पाने में मदद करता है।
2 फायर ब्लैंकेट
फायर ब्लैंकेट आग लगने पर एक तरह से सुरक्षा कवच की तरह काम करता है। खासकर किचन में खाना बनाते समय तेल या गैस सिलेंडर से लगे छोटी आग को इसकी मदद से तुरंत काबू में किया जा सकता है। यह ऐसा सुरक्षा उपकरण है, जो आग प्रतिरोधी सामग्री से बना होता है। यह शुरुआती या छोटी आग को ऑक्सीजन की आपूर्ति रोककर बुझाने में मदद करता है। यह आग के ऊपर एक मोटी और ऑक्सीजनरोधी परत बना देता है, जिससे ऑक्सीजन कट जाती है और आग तुरंत बुझ जाती है।
3 स्मोक डिटेक्टर्स
आपको घर में स्मोक डिटेक्टर्स भी लगवाना चाहिए। यह आग लगने से पहले धुआं उठने पर संकेत देता है और बजने लगता है, जिससे समय रहते आग पर काबू पाया जा सकता है। यह सुरक्षा उपकरण आग लगने पर शुरुआती संकेत के रूप में हवा में मौजूद धुएं के कणों का पता लगाता है। खतरनाक स्थिति को भांपते ही यह तेज सायरन बजाकर सतर्क करता है।
4 फायर एस्केप मास्क
आपको घर में फायर एस्केप मास्क जरूर रखना चाहिए। यह तब काम आता है जब घर में ज्यादा धुआं फैल जाता है। दरअसल, आग के दौरान निकलने वाले धुएं और गैसों से बचने के लिए यह डिजाइन किया गया है। इसकी मदद से आग लगने पर सुरक्षित घर से बाहर निकला जा सकता है।
5 लैडर
कई बार आग ऐसी जगह लग जाती है कि मुख्य दरवाजे से बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में घर में एक इमरजेंसी एस्केप लैडर जरूर रखना चाहिए। इसकी मदद से आपातकालीन स्थित में खिड़की या ऊपरी मंजिल से सुरक्षित निकलने में आसानी होती है।



