हिमाचली खबर: शरीर में थकान रहना, कमजोरी महसूस होना या नसों में झनझनाहट होना, अक्सर ये लक्षण विटामिन B12 की कमी की ओर इशारा करते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि सही सप्लीमेंट चुन लेने भर से काम नहीं चलता, उसे खाने का सही समय भी आपकी सेहत पर सीधा असर डालता है। आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी और असंतुलित खानपान के कारण बड़ी संख्या में लोग विटामिन B12 के सप्लीमेंट्स ले रहे हैं। सप्लीमेंट का सेवन करते समय अक्सर लोगों के मन में सवाल रहता है कि इसे सुबह खाली पेट लेना ज्यादा फायदेमंद है या भोजन के बाद? गलत समय पर लिया गया सप्लीमेंट न सिर्फ इसके अवशोषण को कम कर सकता है, बल्कि आपके पाचन तंत्र को भी परेशान कर सकता है।

आयुर्वेदिक चिकित्सक और स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. विवेक जोशी जो घरेलू उपचारों से बीमारियों का इलाज करते हैं, उन्होंने बताया विटामिन बी 12 को शाम को या फिर रात को खाने से बचना चाहिए। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि विटामिन बी12 का रात को सेवन करने से सेहत पर कैसा असर होता है और इसका सेवन करने का सही समय क्या है?

विटामिन बी 12 क्यों है बॉडी के लिए जरूरी

Vitamin B12 शरीर के लिए एक बेहद जरूरी पोषक तत्व है, जो ऊर्जा उत्पादन, लाल रक्त कोशिकाओं के निर्माण और नर्वस सिस्टम को स्वस्थ रखने में अहम भूमिका निभाता है। इसकी कमी से थकान, कमजोरी, सुन्नपन और एकाग्रता में कमी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। कई लोग इसकी कमी पूरी करने के लिए सप्लीमेंट लेते हैं, लेकिन बेहतर फायदे के लिए इसे सही समय और सही तरीके से लेना जरूरी है। विशेषज्ञों के अनुसार, उचित डाइट और सही सप्लीमेंटेशन से शरीर में Vitamin B12 के स्तर को प्रभावी ढंग से बढ़ाया जा सकता है।

विटामिन बी 12 को सुबह खाली पेट खा सकते हैं क्या?

विशेषज्ञों के अनुसार, विटामिन B12 का सेवन करने के लिए भोजन के साथ लेना जरूरी नहीं है। यह एक वॉटरसॉल्युबल विटामिन है, इसलिए शरीर इसे खाने के साथ या खाली पेट, दोनों स्थितियों में प्रभावी रूप से अवशोषित कर सकता है। अन्य कुछ विटामिनों की तरह इसके अवशोषण के लिए फैट या किसी खास पोषक तत्व की आवश्यकता नहीं होती। यही कारण है कि अक्सर डॉक्टर इस विटामिन का सेवन सुबह खाली पेट भी करने की सलाह देते हैं। एक्सपर्ट्स के अनुसार विटामिन B12 को सुबह लेना सबसे बेहतर होता है, खासकर अगर आप इसे एनर्जी बढ़ाने के लिए खा रहे हैं।

विटामिन B12 शरीर की ऊर्जा उत्पादन प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह भोजन से प्राप्त पोषक तत्वों को उपयोगी ऊर्जा में बदलने में मदद करता है, जिससे शरीर की कार्यक्षमता बनी रहती है। कुछ अध्ययनों से यह भी संकेत मिलता है कि पर्याप्त मात्रा में Vitamin B12 मिलने पर मानसिक सतर्कता, एकाग्रता और दैनिक गतिविधियों के दौरान फोकस बेहतर हो सकता है।

रात में Vitamin B12 लेने से क्यों बचने की सलाह दी जाती है?

कुछ विशेषज्ञों का मानना है कि Vitamin B12 शरीर की ऊर्जा और सतर्कता बढ़ाने वाली प्रक्रियाओं को सक्रिय कर सकता है। इसी वजह से देर शाम या रात में इसका सेवन कुछ लोगों की नींद को प्रभावित कर सकता है। माना जाता है कि यह शरीर की जैविक घड़ी और नींद से जुड़े हार्मोन मेलाटोनिन के स्तर पर असर डाल सकता है, जिससे सोने में कठिनाई या नींद की गुणवत्ता में कमी महसूस हो सकती है। इसलिए कई विशेषज्ञ Vitamin B12 सप्लीमेंट सुबह या दिन के समय लेने की सलाह देते हैं, खासकर उन लोगों को जिन्हें पहले से नींद संबंधी समस्याएं हैं।

डिस्क्लेमर: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के लिए है। किसी भी सप्लीमेंट या विटामिन का सेवन शुरू करने से पहले अपने व्यक्तिगत डॉक्टर या न्यूट्रिशनिस्ट से सलाह जरूर लें।