नाहन। सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन के बड़ा चौक क्षेत्र में संपत्ति विवाद को लेकर एक ही परिवार के सदस्यों के बीच हुए खूनी संघर्ष ने सभी को झकझोर कर रख दिया। आरोप है कि छोटे भाई ने अपनी विधवा भाभी के साथ मिलकर बड़े भाई पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उसके दाहिने हाथ का अंगूठा कटकर अलग हो गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, रानीताल स्थित रतन भवन निवासी राम प्रकाश बुधवार को बड़ा चौक स्थित अपनी दुकान में मजदूरों के साथ सफाई का कार्य करवा रहे थे। इसी दौरान उनका छोटा भाई दुर्गेश और उनके दिवंगत भाई की पत्नी नीलम वहां पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने दुकान की सफाई का काम रुकवाने का प्रयास किया, जिसके चलते दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।

देखते ही देखते कहासुनी ने उग्र रूप ले लिया। आरोप है कि गुस्से में आए छोटे भाई ने दराट उठाकर राम प्रकाश पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने गर्दन पर वार करने की कोशिश की, लेकिन बचाव के लिए हाथ आगे करने पर वार सीधे हाथ पर लगा और अंगूठा कट गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

पीड़ित ने अपनी शिकायत में विधवा भाभी पर भी हमले के दौरान सहयोग करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे संपत्ति और पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि जमीन और संपत्ति को लेकर बढ़ते विवाद किस तरह पारिवारिक रिश्तों को तोड़ रहे हैं। नाहन में हुई यह वारदात क्षेत्रभर में चर्चा का विषय बनी हुई है।