रिकांगपिओ। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले के मुख्यालय रिकांगपिओ में आवारा कुत्तों के हमले की एक चिंताजनक घटना सामने आई है। बाजार क्षेत्र में सुबह के समय सड़क किनारे पैदल जा रही एक पांच वर्षीय बच्ची पर आवारा कुत्तों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, मासूम बच्ची सुबह सड़क किनारे से गुजर रही थी। इसी दौरान वहां मौजूद एक आवारा कुत्ता अचानक उसकी ओर दौड़ा और उस पर हमला कर दिया। कुछ ही क्षणों में अन्य कुत्ते भी आक्रामक हो गए और बच्ची को घेर लिया। बच्ची खुद को बचाने की कोशिश करती रही, लेकिन कुत्तों का झुंड उसके आसपास मंडराता रहा और उसे घसीटने लगा।
स्थिति को गंभीर होते देख स्थानीय निवासी मोहर सिंह उर्फ मोरू तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने साहस और तत्परता का परिचय देते हुए डंडे की मदद से कुत्तों को भगाया और बच्ची को सुरक्षित बचा लिया। उनकी सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई के चलते एक बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों ने उनके इस साहसिक कदम की जमकर सराहना की है।
घटना के बाद इलाके में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या को लेकर लोगों की चिंता और बढ़ गई है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार आवारा कुत्तों की संख्या बढ़ रही है, जिससे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। खासकर सुबह और शाम के समय लोगों को पैदल आने-जाने में भय महसूस होता है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है। उनका कहना है कि आवारा कुत्तों की नसबंदी, टीकाकरण और नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाए जाने चाहिए। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी और त्वरित कदम उठाए जाने की भी मांग की गई है।