Sriganganagar Crime News: राजस्थान के श्रीगंगानगर नगर निकाय चुनाव की सरगर्मियों के बीच संगठित अपराध की काली छाया देखने को मिली है. भारतीय जनता पार्टी से पूर्व पार्षद रहे और वार्ड 27 से प्रत्याशी रवीना नारंग के पति कमल कुमार नारंग से 5 करोड़ रुपये की भारीभरकम रंगदारी मांगी गई है. धमकी देने वाले ने खुद को कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा ‘आरजू बिश्नोई’ बताया है और रकम न चुकाने पर जान से मारने की धमकी दी है.

सेतिया कॉलोनी निवासी और अमृत आयुर्वेदिक फैक्ट्री के मालिक कमल कुमार नारंग ने बताया कि 3 सितंबर की शाम करीब 6 बजकर 9 मिनट पर उनके मोबाइल पर एक विदेशी नंबर से WhatsApp मिस्ड कॉल आई. इसके बाद जब उन्होंने कॉल बैक किया, तो फोन उठाने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई का छोटा भाई आरजू बिश्नोई बताया. बोला लॉरेंस मेरे बड़े भैया हैं.

आरोपी ने पीड़ित को 5 करोड़ रुपये देने के लिए महज 48 घंटे की मोहलत दी है. रंगदारी न देने की सूरत में पीड़ित, उनके बेटे और पूरे परिवार को गोली मारने की सीधी धमकी दी गई है. धमकी भरे कॉल और वॉइस नोट्स सामने आने के बाद कोतवाली थाना पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस की आईटी और साइबर सेल टीम जांच में जुटी है कि यह कॉल सच में विदेश में बैठे किसी हैंडलर द्वारा की गई है या फिर किसी स्थानीय अपराधी ने इंटरनेट/वर्चुअल नंबर तकनीक का सहारा लेकर चुनाव के माहौल में दहशत फैलाने की कोशिश की है.

पुराना हिस्ट्रीशीटर है आरजू बिश्नोई

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, खुद को कॉल पर आरजू बिश्नोई बताने वाला व्यक्ति पुराना हिस्ट्रीशीटर है. उस पर पहले से ही रंगदारी, फायरिंग और उगाही के कई संगीन मामले दर्ज हैं. वह जमानत पर बाहर आने के बाद से ही पुलिस की गिरफ्त से फरार चल रहा है. चुनाव के ठीक पहले बीजेपी प्रत्याशी के परिवार से इस तरह की रंगदारी मांगे जाने के बाद शहर का व्यापारी वर्ग सहमा हुआ है और पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है.